जश्न मनाते हुए बीजेपी कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव में बीजेपी को जीत मिली है जिससे पार्टी को मिली जीत पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाई खिलाई एवं ढोल नगाड़े की थाप पर जमकर थिरके। इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 9 सीटों पर सम्पन्न हुए विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को सात सीटों पर जीत हासिल हुई है इन सात सीटों में फुलपुर एवं मंझवा सीटें काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आती है।
विधान सभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुशासन पर मोहर लगाकर भाजपा को भारी मतों से जिताया है। कहा कि महाराष्ट्र में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनावों में महायुति को एतिहासिक विजय हासिल हुई है। इसका पुरा श्रेय राज्य सरकार द्वारा केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है कहा कि कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण को नकारते हुए महाराष्ट्र की जनता ने विकास करने वाली सरकार को जिताया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में जिस तरह से इंडी गठबंधन ने खटाखट के नाम पर देश की जनता को ठगा था उसको जनता अच्छी तरह से समझ गयी है। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव एवं उत्तर प्रदेश के उप चुनाव में पार्टी को 9 में से 7 सीटों पर जीत हासिल हुई है और दो सीटों पर भाजपा के मत बढ़े हैं। कहा कि ये जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों पर जनता की आस्था एवं विश्वास का परिणाम है।
इस अवसर पर महापौर अशोक तिवारी और महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय मौजूद रहे।