वाराणसी। मुफ्ती-ए-शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने मुसलमानों ने अपील की है कि इस लॉक डाउन में हर गरीब और बेसहारा का ध्यान रखा जाए। रमजान में हम जो जकात और सदका निकालते हैं वो ऐसे लोगों को दें जो लॉक डाउन की वजह से परेशानी से दो चार हैं। अपने आसपास और मोहल्ले के ऐसे लोगों को दें जो अपनी खुद्दारी की वजह से किसी से परेशानी न कह पा रहे हैं। ऐसे लोगों का पूरा लिहाज करते हुए बाइज्जत उनकी मदद करें।
उन्होंने कहा कि दुल्हीपुर, पड़ाव, कटेसर, मन्नापुर, मिल्कीपुर, चौरहट, गोपालापुर, कव्वापुर, रामनगर आदि ऐसे इलाके हैं जहां लोग परेशान हाल हैं। ऐसे लोगों की भी पूरी मदद करें। उन्होंने कहा कि इस साल की ईद पहले की ईदों की तरह नहीं है। इसलिए मेरी ये गुजारिश है कि आप ईद सादगी से मनाएं। पुराने कपड़ों में ईद बिताएं। वैसे भी हमारा ये जमीर गंवारा नहीं देगा कि जहां इस मुसीबत के वक्त लोग फाकाकशी और परेशानियों में गुजार रहे हों और हम नए कपड़ों में हों। गुजारिश है कि लॉक डाउन में अगर नरमी बरती भी जाती है तो ईद की खरीदारी के नाम पर बाजारों में भीड़ न लगाएं। कहा कि मदरसे जकात और चंदों से चलते हैं। मेरी अपील है कि आप उनके लिए भी रकम महफूज रखें। जब जैसे मौका मिले उन्हें ये इमदाद अदा कर दें।