वाराणसी। जिला पंचायत के ठेकेदारों ने 50 रुपये के स्टांप पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भ्रष्टाचार की शिकायत करने के बाद मंगलवार को सीडीओ से शिकायत की है। शिकायत करने वाले ठेकेदार राजेश राय ने आरोप लगाया कि अपर मुख्य अधिकारी 32.5 प्रतिशत कमीशन मांग रहे हैं। सीडीओ ने सभी ठेकेदारों को जांच कर न्याय का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में ठेकेदारों ने जिला पंचायत में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। छह बिंदुओं पर ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस पर सीडीओ अभिषेक गोयल ने कहा कि कुछ ठेकेदार मेरे पास आए थे। उन्होंने तीन बिंदुओं से जुड़ी शिकायत की। लेकिन, कोई भी बिंदु स्पष्ट नहीं था। इस नाते उनसे कार्यवार सूची मांगी गई है। इसकी जांच जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी से कराई जाएगी। यदि गड़बड़ी मिलेगी तो अपर मुख्य अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जरूरत पड़ेगी तो जांच कमेटी बनाकर एक एक कार्य की जांच कराई जाएगी। इस बारे में अपर मुख्य अधिकारी अनिल सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसे देखते हुए कुछ ठेकेदारों को दिक्कत हो रही है। वे दबाव बनाने के लिए इस प्रकार की शिकायतें कर रहे हैं ताकि जिला पंचायत के इंजीनियर निर्माण कार्यों की जांच न करने पाए।
इनसेट
काम नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी : जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि जिला पंचायत में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कराया जा रहा है। यदि कोई काम नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। चाहे अधिकारी हो या फिर ठेकेदार। यदि कोई कार्य किसी को दिया जाता है तो उसे गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूरा कराना है। फिलहाल मेरे पास कोई ठेकेदार शिकायत लेकर नहीं आया है। यदि कोई आएगा तो उसकी जांच कराई जाएगी।