सीबीएसई बारहवीं में डालिम्स के विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन रहा। 365 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, सभी ने अच्छे अंकों के साथ सफलता अर्जित की है। डालिम्स रोहनिया में समारोह में संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाबा मधोक, निदेशिका पूजा मधोक, एडिशनल डायरेक्टर माहिर मधोक ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सफलता के मार्ग पर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कला वर्ग में यशस्वी राय ने 99 प्रतिशत, वैष्णवी ने 98 प्रतिशत, कामर्स में सृष्टि सिंह ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल किए। विज्ञान वर्ग में वैष्णवी शर्मा ने 97 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की है। प्रधानाचार्य गुरमीत कौर ने बताया कि 40 से अधिक विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किया है। 29 विद्यार्थियों को 100 फीसदी नंबर मिले हैं। संवाद
जयपुरिया में दसवीं में शौर्य, बारहवीं में साक्षी को पहला स्थान
तरना के सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थियों ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। दसवीं में शौर्य राय ने 97.6 प्रतिशत और बारहवीं में साक्षी सेमल ने 97.5 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया है। पांच छात्रों ने अलग-अलग विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। देव प्रताप सिंह को 96.8, वैष्णवी शुक्ला 96.6, अंजोर राय 96.2, आरोही श्रीवास्तव 96, अदिति अग्रवाल 96, आयुष खेतान ने 95.4 फीसदी अंक के साथ सफलता अर्जित की। चेयरमैन लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि कुल 120 छात्र शामिल हुए। 35 ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। चेयरमैन ने उज्जवल भविष्य की कामना की है।
ज्ञानदीप एकेडमी के 20 प्रतिशत छात्रों को 90 से अधिक अंक
चितईपुर के ज्ञानदीप एकेडमी के विद्यार्थियों ने दसवीं, बारहवीं में 20 प्रतिशत छात्रों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिले हैं। प्रबंधक त्रिभुवन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ति पांडेय ने बताया कि बारहवीं मानविकी वर्ग में मशरूर फातिमा ने 98 फीसदी पाकर पहला स्थान हासिल किया। आयुषी शर्मा 95.6, अनुराग पटेल 95.4 प्रतिशत अंक के साथ सफल हुए। जीव विज्ञान में साक्षी गुप्ता 97, संजना 90.6, यश मिश्रा 89 जबकि गणित वर्ग में मृत्युंजय कुमार सिंह 93.6, पूर्णेंदू पाठक ने 93.2 अंक प्राप्त किया। दसवीं में शुभ पांडेय, अनन्या श्री यादव 97.6 प्रतिशत अक के साथ पहले नंबर पर रहे। आस्था मौर्या 96, दिव्या सिंह ने 94.8 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास की।
आर्यन इंटरनेशनल स्कूल से बारहवीं की परीक्षा में 99.20 फीसदी अंक पाकर सफलता अर्जित करने वाली मन्नत गुप्ता को दो विषय में 100 में 100 नंबर मिले हैं। उनका सपना लॉ के क्षेत्र में जाने का है। बातचीत में बताया कि दसवीं में 98 प्रतिशत अंक मिले थे। पिता डॉ. गगनदीप सिंह आनंद दंत चिकित्सक और माता ईश्वरीन आनंद टीचर हैं। छह घंटे की पढ़ाई के दौरान स्कूल में जो पढ़ाया जाता था, उसे घर में दोहराती थी। परिवार में इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में सर्वाधिक लोग हैं, इस वजह दूसरे क्षेत्र में जाने का सपना देखा है। कार्पोरेट लॉ के सपने को पूरा करने के लिए क्लैट की परीक्षा दी थी। दिसंबर में ऑल इंडिया रैंकिंग 62वीं मिली।
मनोवैज्ञानिक बनेंगी यशस्वी, रोज चार घंटे की तैयारी
सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा में रीजन के टॉप 10 मेधावियों की सूची में जगह बनाने वाली यशस्वी राय ने डालिम्स रोहनिया से मानविकी संवर्ग से 500 में 495 नंबर हासिल किए। बातचीत में बताया कि मनोवैज्ञानिक बनना चाहती हैं। स्कूल से आने के बाद चार घंटे तक पढ़ाई करती थीं। स्कूल की पढ़ाई को दोहराने के साथ ही परीक्षा की तैयारी चलती रही। पिता मधुकर राय और माता अर्चना राय हैं। यशस्वी को इतिहास, पॉलिटिकल साइंस, कामर्शियल आर्ट में 100 में 100 नंबर मिले हैं।