केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के लिए सत्र 2026-27 के विषयवार सैंपल प्रश्नपत्र (मॉडल पेपर) और मार्किंग स्कीम जारी कर दी है। इसके माध्यम से छात्र परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के प्रारूप का अभ्यास करने के साथ यह भी समझ सकेंगे कि उत्तरों के मूल्यांकन में किन बिंदुओं पर अंक दिए जाते हैं। गणित और विज्ञान जैसे विषयों में हर सही स्टेप पर नंबर दिए जाएंगे।
सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि बोर्ड की आधिकारिक एकेडमिक वेबसाइट पर कक्षा 10 के लिए विज्ञान, गणित बेसिक और स्टैंडर्ड, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, गृह विज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशन सहित विभिन्न विषयों के सैंपल पेपर उपलब्ध हैं। ऐसे ही कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान सहित अनेक विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र जारी किए गए हैं। दोनों कक्षाओं के लिए संबंधित विषयों की मार्किंग स्कीम भी उपलब्ध है।