सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। नौ साल बाद इस साल से हाईस्कूल की भी बोर्ड परीक्षाएं हो रही हैं। होली की खुमारी के बीच पांच मार्च से सीबीएसई की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं।
त्योहार के ठीक बाद परीक्षाएं शुरू होने से परीक्षार्थियों के लिए इस बार होली की मस्ती और उल्लास का रंग कुछ फीका ही रहा। सोमवार को हाईस्कूल की बैंकिंग एंड इंश्योरेंस, फूड प्रोडक्शन, बेसिक एग्रीकल्चर समेत 12 वैकल्पिक विषयों की परीक्षा है जबकि इंटरमीडिएट की इंग्लिश इलेक्टिव व इंग्लिश कोर की परीक्षा होनी है। परीक्षाएं सुबह साढ़े दस बजे से शुरू होंगी।
सीबीएसई की परीक्षाएं बनारस में इस साल 29 केंद्रों पर होंगी जिसमें 34,355 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 18,335 और इंटरमीडिएट में 16020 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सभी 29 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की नजर में परीक्षा होनी है। स्कूलों में सीट प्लानिंग की जा चुकी हैं। सभी परीक्षार्थियों को उनके स्कूलों से प्रवेश पत्र दिए जा चुके हैं। प्राइवेट परीक्षार्थियों को सीबीएसई की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड करना हैं।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर व डालिम्स रोहनिया के प्रिंसिपल वीके मिश्र ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षार्थियों को 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना है।