Varanasi News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से कराई गई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में रविवार को हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज से कौशांबी के मिथिलेश को गिरफ्तार कर लिया गया। मिथिलेश दो आधार कार्ड के सहारे पीईटी का पेपर दे रहा था।
पहले दिन की परीक्षा देने में सफलता मिल गई थी लेकिन दूसरे दिन पकड़ा गया। उसके पास से दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पीईटी के लिए जिले में 66 केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे दिन की परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर पुलिस, पीएसी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे। इस बीच हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में परीक्षा दे रहे कौशांबी के मिथिलेश को केंद्राध्यक्ष ने पकड़ लिया। केंद्राध्यक्ष ने मामले की सूचना एडीएम सिटी आलोक वर्मा को दी।
एडीएम सिटी ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि सोचा था कि पहले दिन का पेपर खराब होगा तो दूसरे दिन का अच्छा जाएगा। इस कारण दो आधार कार्ड बनवाए और आवेदन फॉर्म भर दिया। प्रवेश पत्र आया तो परीक्षा देने पहुंच गया लेकिन पकड़ा गया। कोतवाली प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर कौशांबी निवासी मिथिलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया।