वाराणसी जिले में दबंगों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया कि गर्ल्स हॉस्टल संचालित करने वाले युवक को रंगदारी मांगते हुए गोली मारने के धमकी दे दी। मामले में पीड़ित की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिड़ला हॉस्टल आकर पांच लाख रुपये दे जाना। हर माह 50 हजार रुपये दे जाया करो। पैसा नहीं दोगे तो गोली मार देंगे। यह धमकी लंका थाना के रश्मि नगर कॉलोनी में किराये पर मकान लेकर गर्ल्स हॉस्टल संचालित करने वाले निखिल कुमार सिंह को दी गई। निखिल की तहरीर के आधार पर लंका थाने में चार नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
बड़ागांव थाना के विश्वनाथपुर, कनियर के निवासी निखिल कुमार सिंह ने लंका थाने की पुलिस को बताया कि रश्मि नगर कॉलोनी में वह किराये पर मकान लेकर गर्ल्स हॉस्टल चलाते हैं। गत 24 अगस्त की शाम दर्शित पांडेय, रवि प्रताप यादव, प्रसात गिरी और रौनक मिश्रा मुंह में गमछा लपेटे हुए उनके हॉस्टल में आए।
जब वह वहां नहीं दिखे तो सभी गालीगलौज करते हुए चले गए। फिर वह लोग दोबारा आए और हॉस्टल में अंदर घुसे। सभी ने हॉस्टल के कर्मचारियों को धमकाया। इसके बाद मोबाइल में उनकी फोटो दिखाते हुए पूछे कि निखिल कहां है। उसी दौरान निखिल पहुंच गए। चारों ने उनसे कहा कि हॉस्टल से बहुत पैसा कमा रहे हो। कल पांच लाख रुपये बिड़ला हास्टल पहुंचा देना।
विज्ञापन
50 हजार रुपये प्रति महीना दे जाया करो, नहीं तो गोली मार देंगे। उन चारों के साथ वाइक लेकर छह अज्ञात लोग भी थे। इस संबंध में लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।