बनारस में बारातियों का सड़क घेरकर नाचना दूल्हे के पिता को मंहगा पड़ गया। सड़क पर जाम लगने के कारण गंगापुर निवासी संतोष सेठ के खिलाफ चेतगंज थाने में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक चेतगंज राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शनिवार की रात नौ बजे के लगभग संतोष सेठ के बेटे सत्यम की बारात लहुराबीर से मैदागिन मार्ग पर जा रही थी।
बारात में शामिल लोग इस कदर नाचगाने में मशगूल थे कि लहुराबीर से पिपलानी कटरा तक तकरीबन दो घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। बारातियों को समझाने की कोशिश की गई लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था।
इसलिए गंगापुर निवासी संतोष सेठ के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग को जाम करने और आमजन के आवागमन में बाधा बनने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। तफ्तीश के दौरान जिनके भी नाम प्रकाश में आएंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस संबंध में एसपी ट्रैफिक पूर्व में बारात घर और लॉन संचालकों के साथ बैठक कर सभी को समझा चुके हैं कि जो भी उनके यहां बुकिंग कराएं उन्हें बताएं कि बारात इस तरीके से आए-जाए कि सड़क पर जाम न लगे।