वाराणसी। लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए छावनी स्थित एक होटल में शराब पार्टी करने के मामले में होटल मैनेजर समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व आईपीएस ने बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर और अन्य दो अधिकारियों को वीडियो ट्वीट कर जांच की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने ट्वीट कर दावा किया है कि यह वीडियो दो जून 2021 की रात में छावनी क्षेत्र स्थित होटल कम्फर्ट इन का है। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश सहित अन्य को भेजी शिकायत में उन्होंने कहा कि होटल कम्फर्ट इन में अमीर घरों के युवाओं ने कथित रूप से एक रेव पार्टी की। इसमें शराब, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों का प्रयोग हुआ। उन्होंने पार्टी शामिल कई युवाओं के नाम भी उजागर किए हैं। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि ये मामला अत्यंत गंभीर है। क्योंकि वाराणसी में संभवत: अभी भी होटल, रेस्तरां आदि खोलने के आदेश नहीं हैं।
पिछले हफ्ते महमूरगंज में लूट का वायरल वीडियो पुलिस कमिश्नर को ट्वीट कर गिरफ्तारी कराने वाले पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर के एक और वीडियो ट्वीट से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। इस संबंध में कैंट एसीपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया है। इस मामले में कैंट इस्पेंक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि होटल मैनेजर समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।