भदोही। देश-विदेश के खरीदार और स्थानीय कालीन निर्माता अब एक ही छत के नीचे व्यापार कर सकेंगे। रविवार को हाईटेक सुविधाओं से लैस कालीन एक्सपो मार्ट कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) को सौंप दिया गया। 7.50 एकड़ भूमि पर तीन मंजिला बने इस मार्ट में 94 दुकानें हैं। कर्टेन रेजर कार्यक्रम में सीईपीसी के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने कहा कि यहां साल में दो अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और 6 घरेलू प्रदर्शनियों का आयोजन होगा जिसका लाभ भदोही और मिर्जापुर के 600 से अधिक निर्यातकों और बुनकरों को मिलेगा। इस दौरान सैकड़ों उद्यमी और प्रशासनिक अधिकारी सम्मिलित हुए। चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के आयोजनों में थोड़ी देरी हो सकती है क्योंकि उसमें 60 देशों के कालीन खरीदार आमंत्रित किए जाते हैं। मार्ट का इस्तेमाल केवल कालीन के लिए ही नहीं बल्कि हस्तकला को भी प्रमोट करने के लिए होगा, इसलिए समय समय पर इसमें वस्त्र, चमड़ा, जूट, हस्तशिल्प, पीतल, बर्तन आदि उत्पादों का प्रमोशन आयोजित होगा।
इस दौरान मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल योगेश्वर राम मिश्र ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि भदोही की कालीन जहां जाएगी वहां भदोही का नाम होगा। विदेशों में भदोही की कालीनें देख गर्व होता है। उन्होंने कहा कि भदोही कालीन उद्योग के विकास में आप सभी सहभागी बने यही कामना है। सदर विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, डीएम राजेंद्र प्रसाद, पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह, बीडा सीईओ कृतिका ज्योत्सना, उपायुक्त उद्योग उमेश सिंह, हरेंद्र प्रताप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सीईपीसी के ईडी संजय कुमार ने किया। इससे पूर्व में सीईपीसी प्रशासनिक समिति के सदस्यों ने मेहमानों का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से एकमा अध्यक्ष ओएन मिश्रा, सीईपीसी उपाध्यक्ष उमर हमीद, उमेश गुप्ता, वासिफ अंसारी, हाजी अब्दुल रब, संजय गुप्ता, हाजी फिरोज वजीरी, श्रीराम मौर्य, हुसैन जाफर, ओएन मिश्रा, यादवेंद्र राय काका, हाजी शौकत अली, रजा खां, हाजी अब्दुल हादी, असलम महबूब, तनवीर हुसैन, रवि पाटोदिया, पंकज बरनवाल, शिवसागर तिवारी, रुपेश बरनवाल, अरशद वजीरी, पियूष बरनवाल, राजकुमार बोथरा, शमीम अंसारी, अशफाक अंसारी आदि लोग मौजूद रहे। कारपेट एक्सपो मार्ट में वह सबकुछ है जो एक सफल प्रदर्शनी हाल को दरकार होती है। बताया 7.50 एकड़ भूमि में फैला मार्ट पूर्ण रूप से वातानुकूलित है। मार्ट में 7 हजार वर्ग मीटर का प्रदर्शनी हाल, सम्मेलन कक्ष समेत 94 स्थाई दुकानें हैं। इतना ही नहीं मार्ट का लुक भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का है जो भदोही की शोभा बढ़ाता है। सीईपीसी चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने बताया कि परिषद का क्षेत्रीय कार्यालय यहां काम करने लगा है। द्वितीय तल पर अंतरराष्ट्रीय मानक का रेस्त्रां बनेगा। भदोही-कपसेठी तक का मार्ग फोरलेन पहले से है। वाराणसी तक की संभावना है जिससे वाराणसी की दूरी 30 मिनट की हो जाएगी। परिषद के प्रशासनिक सदस्य उमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि आम तौर पर कारपेट एक्सपो के लिए 7 हजार वर्ग मीटर कारपेट एरिया की आवश्यकता होती थी जो यहां उपलब्ध है।