जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दिनों सीबीआई टीम ने मुझे व मेरे बेटे और कार मालिक से पूछताछ किया। बताया कि मेरे द्वारा बेची गई कार का बंगाल में हत्याकांड में प्रयोग किया गया, इसकी जानकारी सीबीआई टीम ने पूछताछ के दौरान कही।
जितेंद्र सिंह से कार खरीदने वाला ज्ञानेंद्र सिंह 'मोनू' पर बांसुरी रोड थाना में मारपीट, फायरिंग सहित मुकदमे दर्ज हैं। ज्ञानेंद्र की गांव में ही कुछ लोगों से अदावत है। पिछले दिनों एक जमीन की बाउंड्री निर्माण के दौरान करीब 20 से 30 राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें ज्ञानेंद्र का नाम आया था।
विपक्षियों ने पिस्तौल लहराते हुए ज्ञानेंद्र की वीडियो और फोटो वायरल कर दी थी। दो दिन पूर्व बंगाल पुलिस और सीबीआई की टीम ज्ञानेंद्र को पकड़ने के लिए उसके घर पर छापेमारी की थी, लेकिन वह नहीं फरार चल रहा है। उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाशी जांच टीम कर रही है।
सीबीआई के मुताबिक, धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े विनय राय ने झारखंड में रहकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की हत्या की साजिश रची थी। शूटर राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद से ही विनय राय की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदल रहा था।
देवरिया गांव से भी भाग निकला था। इस बीच सीबीआई को सूचना मिली कि विनय राय वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में है। दबिश देकर आरोपी को पुलिसलाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। वह रेलवे स्टेशन की तरफ भागने की फिराक में था। विनय राय को कस्टडी रिमांड पर लिया गया है।
छह मई को हुई थी हत्या, बलिया के शूटर ने मारी थीं गोलियां : 6 मई 2026 को पश्चिम बंगाल में कार सवार चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीबीआई के मुताबिक बलिया के शूटर राजकुमार सिंह ने गोलियां बरसाई थीं।
हत्याकांड की जांच के दौरान विनय राय का नाम सामने आया था। जांच एजेंसी को उसके खिलाफ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे इसके बाद लोकेशन ट्रैक कर सीबीआई टीम ने वाराणसी में दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी को लेकर कैंट थाने पहुंची जहां आरोपी का मेडिकल कराया गया, फिर उसे कचहरी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।
सीबीआई ने ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए अदालत में बताया कि आरोपी से पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाना जरूरी है। अदालत ने अर्जी स्वीकार करते हुए 21 मई की शाम छह बजे तक आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया। वहीं, बलिया के चिलकहर निवासी राजकुमार की गिरफ्तारी के बाद उसके दोस्त अंडरग्राउंड चल रहे हैं। टीम को उससे पूछताछ के दौरान अहम जानकारी मिली है। राजकुमार सिंह एक व्हाट्एसएप ग्रुप से जुड़ा था। 10 से 12 गांवों के 25 से 40 वर्ष के मनबढ़ किस्म के युवक शामिल हैं।
दूध विक्रेता की हत्या का आरोपी है विनय राय
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के तार जमानिया के देवरिया और मतसा से जुड़ गए हैं। सीबीआई ने जिस विनय राय को मंगलवार को काशी से गिरफ्तार किया उसका आपराधिक इतिहास भी है। गाजीपुर पुलिस के मुताबिक, विनय शहर के रौजा पर दूध विक्रेता नन्हकू यादव की हत्या का आरोपी है।
दूध विक्रेता की हत्या 19 सितंबर 2017 को हुई थी। पुलिस की जांच में विनय राय का नाम सामने आया था। जमानिया कोतवाली में 2015 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। 2016 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी।