Varanasi Latest News: वाराणसी जिले में कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया। उसने 25 लोगों को टक्कर मारी। कई बाइक में भी ठोकर मारते हुए आगे बढ़ा, लेकिन एक बाइक इंजन में फंस गई, जिसके बाद पकड़ा गया।
वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर कार चालक ने फिल्मी अंदाज में 25 लोगों को टक्कर मारी। कार के अंदर पिटबुल कुत्ता भी बरामद हुआ। आदमपुर पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है। गनीमत रही कि घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
बिहार में रजिस्टर्ड कार लेकर युवक नेशनल इंटर कॉलेज के पास पहुंचा और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। मौके से भागने की कोशिश में हनुमान फाटक की ओर कार चालक मुड़ गया। इस दौरान तेज रफ्तार में चल रही कार ने करीब 25 लोगों को टक्कर मारी और रास्ते में खड़ी कई बाइक को क्षतिग्रस्त किया। पठानी टोला चौराहे के पास कार के इंजन के नीचे एक बाइक फंस गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार को रोककर चालक को पकड़ा। सूचना पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया। कार की तलाशी के दौरान उसमें एक पिटबुल नस्ल का कुत्ता भी मिला, जिसे देखकर लोग घबरा गए। आदमपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी चालक सासाराम (बिहार) से बनारस आया था। वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।