घटना को लेकर पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के बहादूरपुर गांव में मंगलवार को एक बगीचे में गिरे आम पर हक जताने के विवाद में एक महिला की जान चली गई। दबंगों ने आम के लिए पहले बालक से मारपीट की। इसे देख कर जब अपने नाती का बचाव करने उसकी दादी गई तो मनबढ़ों ने लाठी डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस बीच परिजन घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची रामपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, मामले में मृतका के बेटे ने 10 लोगों के खिलाफ रामपुर थाने में तहरीर दी है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार बहादूरपुर गांव निवासी हरदयानंद यादव ने बताया कि उसका तीन साल का बेटा नित्यानंद सोमवार की देर शाम गांव में एक सार्वजनिक स्थान पर लगे पेड़ से गिरे आम को उठा लिया। इस बीच वहां मौजूद गांव के अन्य बच्चों ने उससे मारपीट कर दी, जब इसकी जानकारी उसकी दादी तारा देवी (70) पत्नी सुब्बा यादव को हुई तो वह मौके पर पहुंच कर बच्चों के झगड़े को निपटाने का प्रयास करने लगी।
इसे भी पढ़ें; भदोही में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिरा, पूरे गांव में दौड़ गया करंट; छह लोग झुलसे
आरोप है कि इस बीच 15 से अधिक लोग वहां पहुंचे और तारा देवी पर लाठी डंडे से हमला कर दिए। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन तारा देवी को लेकर कस्बा के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, इस मामले में एसपी इलामारन जी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, रामपुर पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।