मृतक विनीत तिवारी की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
Varanasi News: वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर गौरा उपरवार गांव के सामने बाईपास पर सोमवार सुबह सड़क किनारे आराम कर रहे चार कांवड़ियों को अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। हादसे में विनीत तिवारी (25) की मौत हो गई। घटना के बाद कार गोरखपुर की ओर निकल गई। लोगों की मदद पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां विनीत तिवारी को मृत घोषित किया गया। तीन अन्य घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
क्या है मामला
कोतवाली थाना क्षेत्र के कालभैरव निवासी विनीत तिवारी (25), आशीष चौधरी (25), रितेश पासी (27) और सागर (26) रात में गंगाजल लेकर मार्कंडेय महादेव मंदिर कैथी में जलाभिषेक करने जा रहे थे। सुबह सभी वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर उपरवार गांव के सामने सड़क किनारे आराम करने को रुके। तभी गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने चारों को कुचल दिया।
हादसे के बाद गोरखपुर रजिस्ट्रेशन नंबर की कार निकल गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने विनीत तिवारी को मृत घोषित कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गोरखपुर की कार को दो घंटे के अंदर में ही ट्रेस कर लिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।