उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने कैंट रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, अधिकारियों संग की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने प्रस्तावित डिजाइन को देखा। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्टेशन को आगामी 30-40 साल तक की यात्री सुविधाओं को देखते हुए बनाया जाना है। इसके लिए संभावित डिजाइन तैयार है।
कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए प्रस्तावित की गई संभावित डिजाइन को एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार किया गया है। इसमें ग्राउंड लेवल को छोड़कर पांच मंजिला तक इमारत दिख रही है, जिसमें रूफ प्लाजा भी होगा।
यहां व्यावसायिक गतिविधियां जैसे मॉल, स्टॉल आदि की भी सुविधा होगी। हालांकि अभी इस डिजाइन को आधिकारिक रूप से स्वीकृति नहीं मिली है। यह डिजाइन विश्व के चुनिंदा रेलवे स्टेशनों में से एक है। इस स्टेशन पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की भी झलक दिखाई देगी। यही नहीं, मल्टी लेवल पार्किंग और रोव-वे की भी सुविधा होगी। रेलवे भी यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखते हुए डिजाइन तैयार करवाया है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने रोपवे स्थल से स्टेशन को जोड़ने पर भी चर्चा की। प्रस्तावित डिजाइन को देखा और ट्रेनों के परिचालन और भवन निर्माण के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि आगामी 30-40 साल की जनसंख्या और यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर काम कराया जा रहा है।