मिर्जापुर। जिले में सात केंद्रों पर सोमवार से डीएलएड की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गई। पहले दिन पहली पाली में आर्य कन्या इंटर काॅलेज में सुबह 10 बजे से कुछ पहले जब परीक्षार्थी पहुंचे तो उनको गेट बंद मिला। इस पर उन्होंने हंगामा किया लेकिन प्रवेश नहीं मिला।
जिले में राजकीय इंटर काॅलेज, श्री माता प्रसाद माता भीख, आर्य कन्या इंटर काॅलेज, राजस्थान इंटर काॅलेज, मान्यवर कांशीराम राजकीय इंटर कालेज, बीएलजे इंटर काॅलेज व सुंदर मुंदर बालिका इंटर काॅलेज में डीएलएड की प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा का आयोजन किया गया है। पहली पाली में 2411 में 2297 उपस्थित रहे और 114 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में पंजीकृत 2527 में 2415 परीक्षा में शामिल हुए और 112 अनुपस्थित रहे। केंद्र व्यवस्थापक रीता वर्मा ने बताया कि केंद्र को निर्धारित समय पर बंद कर दिया गया था। उस समय तक जो परीक्षार्थी आए, सबको प्रवेश दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने बताया कि परीक्षा के लिए सुबह ही प्रश्नपत्राें को लाकर से निकालकर कड़ी सुरक्षा में सभी केंद्रों तक पहुंचाया गया।