चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) विपिन रावत ने कहा कि महामारी काल में सेना देशवासियों के सहयोग में तत्पर है। कोरोना को परास्त करने के लिए भारत को एकजुट होकर महामारी से लड़ना होगा।
वह रविवार को युवा चेतना की ओर से आयोजित वेबिनार में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कोरोना महामारी सेवा और सहयोग विषयक वेबिनार को संबोधित करते हुए सीडीएस रावत ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कोविड को प्रसार रोकने के लिए लोगों को स्वयं तत्पर होना पड़ेगा। सुदूर देहात में जहां चिकित्सक और अस्पताल नहीं है और वहां कोरोना से लड़ने के लिए लोगों को परामर्श का लाभ लेकर लड़ना होगा। वेबिनार का उद्घाटन करते हुए स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि संकट काल में समाज के प्रबुद्ध वर्ग को आगे आकर वंचित वर्ग का सहयोग करना चाहिए। अपने आपको सुरक्षित रखते हुए एक दूसरे का सहयोग करना होगा तब कोरोना पराजित होगा। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है सेवा का है। सरकार को ग्राम प्रधानों के माध्यम से गांवों में कोरोना को पराजित करने के लिए संवाद स्थापित कर आगे बढ़ना चाहिए। केजीएमयू के डॉ. सूर्यकांत ने कहा कि सरकार को हम लगातार परामर्श दे रहे हैं ताकि ग्रामीण इलाकों में कोविड का प्रसार रोका जा सके। हमें विदेशों की सलाह को भारत के परिप्रेक्ष्य में संशोधित कर ग्रामीण इलाकों में काम करना होगा। विशिष्ट अतिथि मनोज गोयल ने कहा की नर सेवा ही नारायण सेवा है। समाज को एकजुट होकर महामारी को परास्त करना होगा।