लंका पुलिस ने बुधवार की रात सुंदर बगिया के पास आटो में सवार छह युवकों को गिरफ्तार कर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।जांच से पता चला कि ये चोरी के आरोपी हैं। पकड़े इन युवकों के पास से पुलिस ने चोरी के कीमती जेवर तथा 38 सौ रुपये भी बरामद किए हैं। लंका क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं में इनकी संलिप्तता भी पाई गई है। गिरोह में एक किशोर भी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की दूसरी घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
एसपी सिटी सुधाकर यादव के मुताबिक एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर बुधवार की रात लंका थानाध्यक्ष रमेश यादव अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र में चोरों की धर-पकड़ के लिए चक्रमण कर रहे थे ।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुंदर बगिया के पास घेरेबंदी की और आटो में सवार छह लोगों को धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी का एक लैपटाप, सोने-चांदी के कीमती जेवर सोने का मंगलसूत्र, मांग-टीका, हार, बिछिया, कुंडल, अंगूठी तथा 38 सौ रुपये पाए गए। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि पकडे़ गए आरोपियों में करमनजीतपुर का संदीप वर्मा, करौंदी भक्तनगर का गोपाल हेरम, शिवपुर का ताज मोहम्मद, छित्तूपुर का मुन्नू मौर्या तथा करमजीतपुर का एक किशोर भी शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 जून को लंका के नंदनगर कालोनी में प्रोफेसर अरुण श्रीवास्तव तथा 23 मई को महामाया नगर में इंजीनियर देवी प्रसाद के घर में उनके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। बरामद सोने चांदी के जेवरात उन्हीं दोनों घरों के हैं।