वाराणसी। राष्ट्रीय बुनकर एक्शन कमेटी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला। नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्होंने अपनी बीस साल पुरानी रवायत निभाई, वहीं बुनकरों की समस्याएं भी गिनाईं।
मोदी के संसदीय क्षेत्र से गए बुनकरों का प्रधानमंत्री ने दिल से स्वागत किया और उनकी समस्याओं का समाधान करने का पूरा भरोसा भी दिलाया।
राष्ट्रीय बुनकर एक्शन कमेटी के बैनर तले पिछले बीस सालों से काशी के बुनकर व मुस्लिम समाज के लोग ख्वाजा गरीब नवाज के उर्स पर चादर चढ़ाने जाते हैं।
रवायत के मुताबिक वे यहां से पहले दिल्ली अमर जवान ज्योति और महात्मा गांधी के स्मारक पर खिराज-ए-अकीदत पेश करके ही अजमेर शरीफ जाते हैं। लौटते वक्त प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मुलाकात करता है। बुधवार को अजमेर शरीफ से लौटते वक्त उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरफराज अहमद के नेतृत्व में गए बुनकरों ने मोदी के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं। कहा कि हथकरघा बुनकरों की आड़ में गद्दीदार लाभ उठा रहे हैं।
बिजली बिल कर्जे से डूबे बुनकरों के हालात बेहद खराब है। इस पर प्रधानमंत्री ने सांसद सीआर पाटिल से बुनकरों की मुलाकात करवा, जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान कराने को कहा। प्रतिनिधिमंडल में नौशाद अली, अंजुल इस्लाम, दिल्ली की प्रदेश प्रभारी मोनिका सिंह, ऐनुल हुदा, आसिफ अली आदि शामिल रहे।