वाराणसी। करसड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चालू कराने के लिए नगर निगम कानूनी नोटिस भेजकर एटूजेड से करार रद्द करेगा।
इसके लिए बुधवार को अपने कार्यालय में बैठक के दौरान कमिश्नर आरएम श्रीवास्तव ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया। कमिश्नर ने प्लांट चालू कराने से पहले तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराने को कहा ताकि प्लांट चालू हो तो अनवरत चलता रहे।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। नगर निगम अपने अधिकार में प्लांट चलवाए। प्लांट चालू होने के बाद यहां से निकलने वाली खाद के लिए बाजार की तलाश करने की जिम्मेदारी भी निगम को दी गई।
इससे वहां प्रतिदिन कूड़ा पहुंचने पर उसका निस्तारण भी प्रतिदिन होगा। खाद की निकासी जारी रहने पर यहां अंबार नहीं लगेगा। मंडलायुक्त ने यहां लगे उपकरणों को भी जल्द दुरुस्त कराने को कहा। बिजली व्यवस्था मुकम्मल करने के लिए विभाग के अधिकारियों से वार्ता करने की हिदायत दी।
क्योटो जाने से पहले भी डीएम ने सभी अधिकारियों को चेताया था लेकिन अफसरों के जाने के बाद काप ठप पड़ गया था। बैठक में महापौर रामगोपाल मोहले, नगर आयुक्त उमाकांत त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी, सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक ओपी राय आदि शामिल रहे।