दालमंडी परियोजना के तहत अब तक 60 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। वहीं, 40 से अधिक अन्य भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई विभिन्न चरणों में जारी है। परियोजना के लिए कुल 181 मकान और भवन चिह्नित किए गए हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह परियोजना महत्वपूर्ण है।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान के नेतृत्व में करीब 200 पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में तैनात किया गया। पुलिस बल ने पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी और किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती।
एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की कार्रवाई को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया था। अभियान के दौरान कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की सूचना नहीं मिली और पूरा कार्य शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।