भीलों ने बांट लिया वन, राजा को खबर तक नहीं...। गीतकार श्रीकृष्ण तिवारी की यह पंक्तियां सेवापुरी के गांधी आश्रम परिसर की जमीन के लीज पर देने के मामले में सटीक साबित हो रही है। गांधी आश्रम, गांधी स्मारक निधि और सघन क्षेत्र की 20 एकड़ जमीन एक पूर्व मंत्री के बेटे समेत तीन लोगों के नाम लीज पर आवंटित कर दी गई लेकिन खादी ग्रामोद्योग के चेयरमैन को इसका पता तक नहीं है।
संस्था के मंत्रियों ने जमीन के साथ भवनों को भी कौड़ी के भाव बिना अनुमति के ही लीज पर दे दिया है। इसकी जानकारी बुधवार को जब खादी एवं ग्रामोद्योग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना को हुई तो वह अवाक रह गए। कहा, गांधी आश्रम परिसर की जमीन को लीज पर देने का अधिकार संस्था के मंत्रियों को नहीं है। मामले की जांच कराकर जमीन संस्था की जमीन को दी जाएगी। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
सेवापुरी में 54 एकड़ वाले परिक्षेत्र में गांधी आश्रम की 12 एकड़, गांधी निधि की 11 एकड़ और सघन क्षेत्र की 31 एकड़ जमीन है। इसमें खेतीबाड़ी की जमीन के साथ तीनों परिसरों में लघु उद्योग-धंधों के लिए बड़ी-बड़ी इमारतें भी बनी हैं। उद्योग बंद होने के बाद करीब 10 वर्ष पूर्व सघन क्षेत्र की जमीन और संस्था की इमारतों को कर्ताधर्ता के रूप में तैनात मंत्रियों ने लीज पर दे दिया गया और शीर्ष पदाधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। इसमें अब कान्वेंट स्कूल संचालित हो रहा है। गांधी निधि की सेवा भारती व उत्तर बुनियादीशाला की कई एकड़ जमीन भी लीज पर दे दी गई है।
खादी ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने बुधवार को गांधी जी की तपोस्थली सेवापुरी गांधी आश्रम में नमक उत्पादन केंद्र ‘आश्रम’ का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का नमक और खादी से अटूट रिश्ता था। इन्हीं दोनों के जरिये जनजागरूकता पैदाकर गांधी जी ने देश को आजादी दिलाई थी। हम लोगों ने खादी तो अपनाया लेकिन नमक को भूल गए। आज नमक सत्याग्रह आंदोलन की याद में उन्हीं की तपोस्थली में नमक उत्पादन केंद्र का शुभारंभ कर उनकी याद को जीवंत किया गया है। यहां से प्रतिदिन आठ टन नमक का उत्पादन होगा।
जो नमक बाजार में 18 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, उसे हम 12 रुपये प्रति किलो बेेचेंगे। आगामी दो महीने के अंदर 100 सोलर चरखे व एक हजार सोलर लूम का शुभारंभ करेंगे। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों हाथों को काम मिलेगा। आयोग के चेयरमैन ने बताया कि शीघ्र ही इसी गांधी आश्रम से भारतीय रेल को प्रतिदिन तीन लाख नैपकिन की सप्लाई होगी। उद्घाटन समारोह में मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यनारायण शुक्ला, बलधारी सिंह, हरीश चंद्र पाठक, लाल बहादुर राय, संतोष सिंह, सुरेंद्र सिंह, मिठाई लाल यादव, सुशील दुबे, डॉ. अखिलेश श्रीवास्तव, गजेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद थे।