वाराणसी। नए सर्किल रेट लागू होने के बाद पहले दिन जमीन रजिस्ट्रियों की संख्या एक चौथाई रह गई। अमूमन प्रतिदिन 140 से 150 रजिस्ट्री होती थीं, लेकिन गुरुवार को सिर्फ 37 रजिस्ट्री हुईं। वहीं नए सर्किल रेट लागू होने से एक दिन पहले 31 जुलाई को 300 से अधिक रजिस्ट्री हुई थीं। उधर, जिन क्षेत्रों में जमीनों का अधिग्रहण होना है, वहां सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए हैं, जबकि तेजी से विकसित हो रहे टू लेन से फोरलेन हुए बाबतपुर में दस फीसदी बढ़ोत्तरी की गई है।
वहीं, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण पर पिंडरा व गंगापुर में 14 हजार से बढ़ाकर 18,500 रुपये किया गया था, बिल्डर एसोसिएशन की आपत्ति पर वापस लिया गया। नए सर्किल रेट लागू होने के बाद गुरुवार को रजिस्ट्री कार्यालय में दो तरह के लोग पहुंचे। एक पूछताछ करने वाले और दूसरा रजिस्ट्री कराने वाले लोग। पूछताछ करने वालों की संख्या अधिक रही। उनका कहना था कि अब जमीन खरीदने के लिए अतिरिक्त स्टांप ड्यूटी देनी पडे़गी। इससे जनता की जेब पर बोझ बढ़ेगा।
जमीन और मकानों का भाव चढ़ा
शहर के विस्तारीकरण के मद्देनजर बाहरी इलाकों के सर्किल रेट पांच से दस फीसदी तक बढ़ाए गए हैं। नवविकसित इलाकों में भी मामूली वृद्धि की गई है। नई दरें लागू होने के बाद जमीनों और मकानों के भाव भी बढ़ गए हैं।
इन इलाकों के नहीं बढ़े दाम
बरियासनपुर, चिरइगांव, बहरौली, पचपेड़वा, भीखमपुर, रखौना, मेहंदीगंज, हरपुर, हरसोस, गंजारी, हरदासपुर, कुरौना, नरैचा, परमपुर, संजोई, सभईपुर, अनंतपुर, गोपीपुर, विढलपुर, रज्जीपुर, खेवसीपुर, लोहरापुर, सीओ, बरई, शंकरपुर, मिल्कोपुर, मढ़नी, बभनपुरा।
व्यवसायिक हुआ रवींद्रपुरी मार्ग
क्री कुंड से असि नाले तक जाने वाली सड़क व्यवसायिक घोषित कर दी गई है। पिछले कुछ सालों से यहां तेजी से व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुले हैं। यहां जमीन का सर्किल रेट भी 55 हजार वर्ग मीटर हो गया है। कैंट से लहुराबीर तक की सड़क भी व्यवसायिक घोषित कर दी गई है।
आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद नया सर्किल रेट जारी किया गया है। इससे सरकार को राजस्व की और अधिक प्राप्ति होगी। -सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी
घनी आबादी वाले इलाके की जमीन एवं फ्लैट के सर्किल रेट में अधिकतम पांच से दस फीसदी वृद्धि की गई है। गलियों, बाजारों में सर्किल रेट में वृद्धि के बजाए संशोधन किया गया है। एक ही मुहल्ले में गली या सड़क के आमने-सामने मकानों के सर्किल रेट में यदि अंतर था तो उसे एक समान कर दिया गया है। -सुरेश कुमार त्रिपाठी, एआईजी स्टांप
नया सर्किल रेट संतुलित है। हाउसिंग में भी रेट नहीं बढ़ाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए रेट कम किया है। लेकिन रिंग रोड फेज टू जैसे इलाके जहां अधिग्रहण होना है, वहां रेट नहीं बढ़ाया। जबकि बाबतपुर में रेट बढ़ा दिया है। इस पर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। -अनुज डिडवानिया, अध्यक्ष, वाराणसी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन