वाराणसी के मदनपुरा इलाके में एक के बाद एक कोरोना के संक्रमित मरीज मिलने के बाद अब मदनपुरा के बफर जोन को भी हॉट स्पॉट के रूप में तब्दील करने की तैयारी चल रही है। जिसके बाद मदनपुरा के आसपास के इलाकों को सील करने के साथ ही यहां सुरक्षा और बढ़ा दी जाएगी, जिससे कि बाहर से आने-जाने वालों पर रोक लग सके।
इसके अलावा यहां रहने वालों की जांच में किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। दीनदयाल अस्पताल में वर्तमान में भर्ती 11 में से 4 मरीज मदनपुरा इलाके से ही हैं। जबकि दिल्ली के तब्लीगी जमात में शामिल होने वाले कई लोग भी इसी इलाके के ही हैं।
यहां पहले ही दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी और पांच लोगो को संदिग्ध मानकर मेडिकल क्वारंटीन में रखा गया था। अब इसी इलाके के पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही हॉट स्पॉट बने इस क्षेत्र को बफर जोन बनाने के लिए कार्यवाही शुरू कर दिया है।
प्रशासन के इस फैसले के बाद मदनपुरा के आसपास के पांडेय हवेली सहित अन्य कॉलोनियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। जानकारों की माने तो पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से इन इलाकों की ड्रोन से निगरानी भी निगरानी भी कराई जाएगी।