अवैध कब्जे को हटाता अतिक्रमण दस्ता ।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के 8वें दिन बुधवार को नगर निगम और प्रशासन की टीम ने तीन जोन में एक साथ कार्रवाई शुरू की। तीनों क्षेत्रों में दस्ते के पहुंचते ही अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। जेसीबी ने नाले-नालियों और फुटपाथ पर कब्जा करनेवालों के कच्चे, पक्के निर्माणों को ढहा दिया।
वरुणापार जोन में तहसील के पास नाले पर कब्जा कर उसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। इससे गिलट बाजार की ओर से आ रहा नाला पूरी तरह से जाम हो गया था। इसे कब्जामुक्त कराया गया। इसी तरह भेलूपुर जोन में मुमुक्षु भवन से अस्सी तक और दशाश्वमेध जोन में गुरुबाग थाने से गिरजाघर तक अभियान चला। इस दौरान बारजे, टिनशेड, गुमटियां, चाय की भट्ठियां समेत सभी तरह के अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए गए।
दशाश्वमेध जोन
जोनल अधिकारी अरविंद यादव के नेतृत्व में दशाश्वमेध जोन मेें गुरुबाग से गोदौलिया तक अभियान चलाया गया। इस दौरान कई पक्के और अस्थाई निर्माण ध्वस्त किए गए। दूकानों के आगे लगे छज्जे और नालियों पर बनी सीढ़ियां को तोड़ दी गईं। अतिक्रमण की वजह से जहां नाली जाम थी, उसे जेसीबी से खोदकर साफ किया गया।
वरुणा पार जोन
सुबह 10:15 बजे जोनल अधिकारी महातम यादव और अमरेंद्र गौतम के नेतृत्व में टीम गिलट बाजार पहुंची। यहां नाली पर कब्जा बनाई गईं सीढ़ियों को ध्वस्त करने के साथ टिनशेड ढहा दिए गए। बगल में एक धार्मिक स्थल पर कब्जा कर दूकान खोल ली गई थी। इसे न हटाने पर क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया लेकिन टीम भोजूबीर की तरफ बढ़ गई। भोजूबीर तिराहे से पहले नाली पर कब्जा कर चबूतरा और सीढ़ियां बना ली गई थीं, जिन्हें तोड़ दिया गया।
भेलूपुर जोन
भेलूपुर जोनल अधिकारी अतुल यादव की अगुवाई में मुमुक्षु भवन से अस्सी चौराहे तक अभियान चलाया गया। इस दौरान नाली पर रखीं गुमटियों, चाय की भट्ठियों को ढहा दिया गया। नाली पर बनी लोहे की जाली को भी हटाया गया। मुमुक्षु भवन और संत रविदास गेट के समीप नागरिकों से नोकझोंक भी हुई।