यूपी एटीएस के अनुसार, जांगी एप से की गई बातचीत और डेटा किसी केंद्रीय सर्वर पर सेव नहीं होता है। इसका फायदा नक्सली उठाते हैं। इस एप का डेटा केवल उपयोगकर्ता के अपने मोबाइल डिवाइस पर ही सुरक्षित रहता है। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर व सिम कार्ड की जरूरत नहीं होती है। यह 10 अंकों का अद्वितीय जांगी नंबर देता है। चैट और कॉलिंग पूरी तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होती है। कोई तीसरा व्यक्ति इसे पढ़ भी नहीं सकता है। यह धीमे इंटरनेट नेटवर्क पर भी एचडी गुणवत्ता में वॉयस और वीडियो कॉल की सुविधा देता है। यही कारण रहा कि जांच एजेंसियां ट्रेस नहीं कर पा रही हैं।
बड़े कमांडरों की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण नीति के कारण संगठन का नेटवर्क ध्वस्त
टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) का इतिहास माओवादी उग्रवाद के आंतरिक मतभेदों, जातिगत वर्चस्व की लड़ाई और लेवी (रंगदारी) वसूलने के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। पिछले कुछ साल में सुरक्षा बलों के चौतरफा अभियानों, बड़े कमांडरों की गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण नीति के कारण संगठन का नेटवर्क ध्वस्त हो चुका है। बृजेश के मारे जाने के बाद संगठन नेतृत्व विहीन और बेहद कमजोर हो गया है। मुखदेव यादव जैसे कमांडर मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, नगीना, रोहिणी गंझू और कुलदीप गंझू जैसे बड़े चेहरों ने या तो आत्मसमर्पण कर दिया है या वह गिरफ्तार हो चुके हैं। 200 से अधिक हथियारों से लैस कैडरों वाला यह संगठन अब सीमित हो चुका है और पूरे नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने में बृजेश गंझू की पत्नी जुटी है। बृजेश गंझू का साथी 10 लाख का इनामी शशिकांत गंझू भी संगठन को मजबूत बनाने में जुटा है।