वाराणसी में मंगलवार को 110 केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इसमें 18 से 44 साल वालों के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 45 साल से अधिक उम्र वालों के लिए 68 केंद्र हैं। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि मंगलवार को 18 से 44 साल वालों के लिए सरकारी कार्यालयों सहित अन्य जगहों को मिलाकर छह केंद्रों पर टीका लगेगा।
बताया कि सोमवार को 10,050 लोगों को टीके लगाए गए। जिसमें 18 से 44 साल के 5825 लोग टीका लगवाने पहुंचे, जबकि 45 से ऊपर वाले 4225 लोगों का टीकाकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सबसे ज्यादा 7698 लोगों को पहली, जबकि 2352 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई।
कोरोना संक्रमण की कम हुई रफ्तार के चलते वाराणसी में कोरोना कर्फ्यू में थोड़ी राहत मिली है। अब तीन घंटे ज्यादा बाजार खुलने से व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी राहत मिलेगी। हालांकि रेडिमेड, ज्वैलरी, साड़ी सहित अन्य कारोबार पर पहले की तरह प्रतिबंध से इससे जुड़े व्यापारी निराश हैं।
शासन ने 600 से कम वाले सक्रिय मामलों के जिलों में कोरोना कर्फ्यू में ढील की घोषणा की थी। वाराणसी में वर्तमान में 1089 केस हैं, मगर संक्रमण की रफ्तार दहाई के अंक में आने के चलते वाराणसी को भी थोड़ी राहत दी गई है।
पहले की तरह मेडिकल दुकानें, मेडिकल आपूर्ति, सर्जिकल दुकानें, चश्में की दुकानें, मेडिकल टेस्ट व ब्लड टेस्ट जांच करने वाली लैब, ब्लड कलेक्शन सेंटर एवं उनके आफिस, निजी व सरकारी मेडिकल व प्राइवेट प्रैक्टिस वाले क्लीनिक, अस्पताल, एंबुलेंस, हॉस्पिटल को होने वाली सामग्रियों की आपूर्ति, आपात चिकित्सा स्थिति वाले व्यक्ति व अन्य मेडिकल सेवाओं को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। मेडिकल सप्लाई की आवश्यकताओं के दृष्टिगत सभी कूॅरियर, ई-कॉमर्स, ट्रांसपोर्ट आफिस, गोदाम व उनके कर्मचारी व वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।