मिर्जापुर के लखनिया दरी में अपनी जान पर खेलकर फ्रांसीसी महिला पर्यटकों की रक्षा करने वाली वाराणसी के सोनारपुरा की तीन बहनों रिया दत्ता, मिली दत्ता और तान्या दत्ता को आज यूपी दिवस पर वाराणसी जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा तीनों बहनों को 26 जनवरी को मिर्जापुर पुलिस लाइन में सम्मान किया जाएगा। वहीं आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्हें राज्य सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए महिला कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि फ्रांसीसी पर्यटकों का एक दल मिर्जापुर के लखनिया दरी में भ्रमण पर गया था। इस दल में चार महिलाएं थीं।
इस दौरान करीब आठ शोहदों ने पहले फ्रांसीसी महिलाओं पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ही वे छेड़खानी और बलवा पर उतारू हो गए। लेकिन, वहां मौजूद तीन बहनों रिया दत्ता, मिली दत्ता और तान्या दत्ता को यह गंवारा नहीं हुआ कि फ्रांसीसी दल खराब अनुभव लेकर अपने देश को जाए।