भाजपा के महानगर कार्यालय पर मंगलवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य अतिथि लोकसभा के समन्वयक एमएलसी अश्वनी त्यागी ने शीर्ष नेतृत्व से तय आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 13 अक्तूबर को छावनी स्थित होटल में मंडल के पदाधिकारी और बूथ अध्यक्षों की आवश्यक बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में महानगर के सभी बूथ अध्यक्ष के साथ जिला एवं महानगर के अंतर्गत 116 चिह्नित बूथ जहां लोकसभा चुनाव के समय 70% या उससे अधिक मत पड़े, वहां के बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए एक महानगर की तरफ से प्रवेशिका आवंटित की जाएगी। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आठ और नौ अक्तूबर को ग्रामीण स्तर पर, शहरी क्षेत्र में 13 व 14 अक्तूबर को जोन स्तर पर और 17 और 18 अक्तूबर को ग्रामीण क्षेत्रों में जिला स्तर पर व शहरी क्षेत्र में विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 17-18 अक्तूबर को ही कॉलेज और विश्वविद्यालय में भी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बैठक में आलोक श्रीवास्तव, चंद्रशेखर उपाध्याय, अशोक जाटव, डॉ. रचना अग्रवाल, साधना वेदांती, मुकेश गुप्ता, जितेंद्र पटेल, बबलू सेठ, सोमनाथ यादव मौजूद रहे।