अनुभव साझा करती फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन
- फोटो : Amar Ujala
प्रयागराज के महाकुंभ और काशी में पलट प्रवाह के दौरान यूपी पुलिस की सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था से बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन गदगद हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में जिस तरह से बंदोबस्त किया और भीड़ को नियंत्रित किया, वह बहुत ही समझदार सोच और अचूक प्लानिंग का परिणाम है।
आमजन को काशी आमंत्रित करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ के धाम में हाजिरी लगाने जरूर आएं। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा शुरू किए गए पॉडकास्ट बियॉन्ड द बैज के छठे एपिसोड के दौरान अभिनेत्री रवीना टंडन ने एडीसीपी (अपराध) श्रुति श्रीवास्तव से विश्वनाथ धाम और महाकुंभ के अपने अनुभव साझा किए। इस पॉडकास्ट को यूपी पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया।
रवीना टंडन ने कहा कि प्रयागराज से काशी तक हमने देखा कि अपने परिवार के साथ महिलाएं और बच्चियां भी आई थीं। देश ही नहीं पूरे विश्व से लोग आए थे। विदेशों से जो महिलाएं आई थीं, उनको भी काफी सम्मान मिल रहा था। सब सुरक्षित महसूस करके महाकुंभ के उत्सव का आनंद ले रही थीं।
एडीसीपी (अपराध) से चर्चा के दौरान उन्होंने यूपी पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता से प्रभावित होकर उनके समर्पण और त्वरित कार्रवाई के लिए शेरनी कहा। यूपी की महिला पुलिस अधिकारियों पर गर्व जताते हुए उन्हें देश भर की महिलाओं के लिए रोल मॉडल बताया।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ में उनके साथ आए न्यूयॉर्क के एक मित्र का मोबाइल मेले की भीड़ में खो गया था। मगर, महिला पुलिसकर्मियों ने खोए हुए मोबाइल को आधे घंटे के अंदर खोज निकाला। रवीना टंडन ने प्रयागराज से वाराणसी तक की अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की सराहना की।
किरण बेदी से थीं प्रभावित, बनना चाहती थीं आईपीएस
रवीना टंडन ने कहा कि उन्होंने कभी फिल्मों में आने की योजना नहीं बनाई थी। शुरू में उनका झुकाव भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की ओर जाने का था। उन्होंने बताया कि वह किरण बेदी से बहुत प्रेरित थीं और उनकी कहानी ने उन पर गहरा प्रभाव डाला। रवीना ने भविष्य में स्क्रीन पर एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने के लिए की जाने वाली तैयारियों पर भी चर्चा की।
https://www.youtube.com/watch?v=eA7YuULj0EU