वाराणसी। जिले के सभी अवर और प्रोन्नत अभियंताओं ने सोमवार को भिखारीपुर स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने ध्यानाकर्षण कार्यक्रम के तहत धरना दिया। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलने वाले दो दिवसीय धरने के पहले दिन वक्ताओं ने अपनी बातें रखीं। शाम पांच बजे के बाद सभी अभियंताओं ने सीयूजी नंबर बंद कर विरोध जताया।
इस मौके पर हुई सभा में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष सर्वेश शुक्ल ने कहा कि एक तरफ विभाग के शीर्ष प्रबंधन द्वारा नियमों का हवाला देते हुए अवर अभियंताओं का पूरे प्रदेश में उत्पीड़न किया जा रहा है। दूसरी तरफ संगठन सदस्य नियमानुसार कार्य करने के लिए अपने अधीनस्थ तथा उच्चाधिकारियों को लिखित रूप में कमियों की ओर ध्यान आकृष्ट करा रहे हैं। समस्या न सुनकर नियमों को खुद अधिकारी दबाव डालकर उल्लंघन करा रहे हैं। पावर कारपोरेशन की एमडी अपर्णा यू ने आदेश दिया कि किसी भी संविदाकर्मी को किसी भी परिस्थिति में शटडाउन नहीं दिया जाएगा। बावजूद इसके जबरदस्ती काम कराया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय भारती ने की। संचालन जनपद सचिव नीरज बिंद ने किया। सभा में केदार तिवारी, आईपी सिंह, अवधेश मिश्र, रत्नेश सेठ, मदन गोपाल, अवधेश यादव, बरकत अली, भरत, विवेक, आनंद, जितेंद्र, नागेंद्र, सतेंद्र, दीपक, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।