डाफी में बॉयलर लदा ट्रेलर दलदल में फंस गया। इस दौरान इसे निकालने में दो इंजन और दो जेसीबी भी बेअसर रहे। जल्दबाजी में बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर छह पहिये धंस गए हैं। अब कर्मचारी रास्ता बनाने में जुटे हैं।
डाफी टोल प्लाजा के उत्तर तरफ बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर मंगलवार को बॉयलर लदा ट्रेलर फंस गया। रास्ते पर दलदल होने के कारण ट्रेलर के पिछले हिस्से के 6 पहिये धंस गए। ट्रेलर को निकालने के लिए दो इंजन और दो जेसीबी-हाइड्रा लगाने के बाद भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी की मदद से रास्ते को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया।
विज्ञापन
लोगों के मुताबिक, वैकल्पिक रास्ते का निर्माण जल्दबाजी में किया गया। रास्ते पर बोल्डर और गिट्टी डालने के बाद पर्याप्त रोलर नहीं चलाया गया। इसके बाद अस्थायी रास्ते पर लोहे की स्लीपर प्लेट बिछाई गई थी। ट्रेलर हाईवे से नीचे उतरकर स्लीपर प्लेट पर चढ़ा तो पिछले हिस्से के पहिये दलदल में फंस गए। इससे ट्रेलर आगे नहीं बढ़ सका।
ट्रेलर के आवागमन के लिए रास्ता बनाने का एक महीने पहले सर्वे किया गया था। बावजूद रास्ते का निर्माण जल्दबाजी में किए जाने से अब भारी वाहन फंस गया है। ट्रेलर को निकालने के लिए कर्मचारी जेसीबी की मदद से रास्ते को मजबूत करने में जुटे हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों का कहना है कि रास्ता दुरुस्त करने के बाद भी ट्रेलर नहीं निकलता है तो अतिरिक्त इंजन मंगवाए जाएंगे। उनकी मदद से ट्रेलर को खींचकर निकालने का प्रयास किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों का कहना है कि रास्ता दुरुस्त करने के बाद भी ट्रेलर नहीं निकलता है तो अतिरिक्त इंजन मंगवाए जाएंगे। उनकी मदद से ट्रेलर को खींचकर निकालने का प्रयास किया जाएगा।