रोहनिया थाना क्षेत्र निवासी किशोरी को शादी का भरोसा देकर साथ ले जाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रदीप (21) निवासी जंसा को गिरफ्तार किया। किशोरी की मां ने 21 अगस्त को रोहनिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को प्रदीप ले गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को बलवंत सिंह डिग्री कॉलेज, सुईचक-गंजारी रोड के पास से गिरफ्तार किया। नाबालिग की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
वरुणा में नहाते समय मजदूर डूबा, नहीं मिला शव
लोहता थाना क्षेत्र के बेदौली गांव के सामने शुक्रवार सुबह वरुणा नदी में नहाने के दौरान एक मजदूर गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने एनडीआरएफ को बुलाकर पांच घंटे तक नदी में तलाश कराई, लेकिन देर शाम तक सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण खोज रोक दी गई। शनिवार को दोबारा अभियान चलाया जाएगा।
भरथरा गांव निवासी विक्रम पाल (50) शुक्रवार सुबह 10 बजे घर से गंगा स्नान करने की बात कहकर निकले थे। बेदौली गांव के सामने वरुणा नदी में नहाने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को दोबारा तलाश की जाएगी। परिजनों के अनुसार, विक्रम को तैरना आता था। घर पर रुद्राभिषेक था, इसी सिलसिले में वह गंगा स्नान के लिए निकले थे। वह मजदूरी करते थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। विक्रम के डूबने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कुसुम पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन देर शाम तक नदी किनारे डटे रहे।
होटल के कमरे में मिला महाराष्ट्र के पर्यटक का शव
सिगरा थाना क्षेत्र के रोडवेज के पास विजय होटल के कमरे में शुक्रवार शाम ब्रज गोपाल दुबे (54) की मौत हो गई। महाराष्ट्र के अंबरनाथ निवासी ब्रज गोपाल दुबे के शव को सिगरा पुलिस ने संरक्षण में लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। ब्रज गोपाल कई दिनों से परेडकोठी में होटल विजय में कमरा नंबर 4 में ठहरे थे। सुबह कमरा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे।
कमरे में दाखिल होने पर ब्रज गोपाल दुबे बिस्तर पर पेट के बल लेटे थे। फॉरेंसिक टीम ने कमरे में छानबीन की। होटल के एंट्री रजिस्टर से ब्रज गोपाल दुबे का मोबाइल नंबर लेकर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि मृतक को कैंसर और ब्रेन हैमरेज की समस्या थी। ऐसे में वह अवसाद भी थे। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
18 घंटे बाद भी नहीं हुई शव की पहचान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास किसान सब्जी मंडी के सामने बृहस्पतिवार देर रात 11 बजे वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अज्ञात की मौत हो गई थी। 18 घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, शख्स किसान सब्जी मंडी के सामने सड़क पार कर रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने किसान सब्जी मंडी के कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों से भी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कचहरी में पान थूका तो 500 का जुर्माना
कचहरी परिसर को साफ-सुथरा और दीवारों की सुंदरता बनाए रखने के लिए सेंट्रल बार एसोसिएशन (सीबीए) ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब परिसर में पान, गुटखा या अन्य पदार्थ खाकर थूकने पर 500 रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा। अधिवक्ताओं, वादकारियों और लोगों से स्वच्छता व्यवस्था बनाने की अपील की गई है। हाल ही में कराए गए रंगरोगन को देख दीवारों और अन्य स्थानों पर पोस्टर, बैनर या पर्चे चस्पा करने पर भी रोक लगाई गई है। निर्देश में कहा गया है कि कचहरी की दीवारों को गंदा करने या बिना अनुमति पोस्टर चस्पा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महामंत्री आशीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को छूट नहीं दी जाएगी।
मांस की दुकानों को बाहर करने में जल्द होगी चर्चा
मांस मछली की दुकानों को बाहर करने के निर्णय के विरोध में जल्द ही विपक्ष की ओर से नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पिछले दिनों अधिकारियों को पत्र दिया गया था। उन्होंने सावन बाद इस पर चर्चा करने को कहा था। जल्द ही तारीख तय कर रणनीति बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों को शहर से बाहर विस्थापित करने का एकतरफा निर्णय तत्काल वापस लिया जाए। जिन दुकानों का संचालन पहले से किया जा रहा है, उनका सर्वेक्षण कर उन्हें नियमानुसार नियमित किया जाए। विक्रेताओं को विधिक मान्यता देकर लाइसेंस और प्रमाणपत्र दिए जाएं। नागरिकों के भोजन, आजीविका और व्यापार संबंधी संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जाए। किसी एक वर्ग की मान्यताओं के आधार पर प्रतिबंधात्मक निर्णय न लिए जाएं।
पुलिस ने पांच दिन से लापता नाबालिग को ढूंढा
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र निवासी महिला ने 22 अगस्त को नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अजय राज वर्मा ने बताया कि टीम ने सर्विलांस सेल की मदद ली। सीडीआर की जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने पांच दिन बाद नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।
मारपीट प्रकरण में छात्रों ने की कुलपति से मुलाकात
बीएचयू में 25 अगस्त को बीएफए के प्रवेश परीक्षा और गार्ड की ओर से मारपीट का आरोप लगाकर छात्रों ने कुलपति से बातचीत की। छात्रों ने शुक्रवार को कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के सामने सुरक्षाकर्मियों की ओर से की गई मारपीट का भी मुद्दा उठाया गया है। छात्रों ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया कि अगर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
छात्रों ने धांधली की निष्पक्ष जांच, चीफ प्राक्टर का इस्तीफा और सिक्योरिटी ऑफिसरों को पद से हटाने के साथ ही मारपीट करने वालों को चिह्नित करने की मांग की। बीएचयू में बुधवार को केंद्रीय कार्यालय के बाहर एमएफए प्रवेश परीक्षा गड़बड़ी का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे छात्र और छात्राओं को सुरक्षाकर्मियों ने पीटा था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद कई छात्रों ने नाराजगी जाहिर की थी।
प्रयागराज-बनारस चलेगी विशेष ट्रेन
रक्षाबंधन के मद्देनजर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन से बनारस और बनारस से सूबेदारगंज के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 01915-01916 प्रयागराज जंक्शन-बनारस-सूबेदारगंज अनारक्षित विशेष ट्रेन 30 और 31 अगस्त को दो फेरों में चलेगी। प्रयागराज जंक्शन-बनारस अनारक्षित विशेष ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी। रामबाग, झूंसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड और माधो सिंह होते हुए सुबह 11:50 बजे बनारस पहुंचेगी।
बारिश से सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या बढ़ी
बाढ़ और बारिश के चलते गंगा किनारे वार्डों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बढ़ी है। दशाश्वमेध, जंगमबाड़ी, कामेश्वर महादेव, कालभैरव, राजमंदिर, घसियारी टोला में गंगा घाट से सटी गलियों में सीवर का गंदा पानी बह रहा है। जलकल की ओर से 50 अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं। घाट किनारे गली पिट से गंदा पानी सीधे रास्तों पर आ रहा है। कोनिया वार्ड के वैतरणी कुंड और धोबी घाट के आसपास जलभराव है।
अधिकारियों ने बताया कि आबादी बढ़ने से पुरानी पाइप लाइनों पर लोड बढ़ गया है। पाइप लाइनों का व्यास बढ़ाने से समस्या का हल हो सकता है। शहर की सीवर व्यवस्था सिर्फ और सिर्फ शाही नाले पर ही निर्भर है। 18 वार्डों में सीवर की पाइपलाइन बदलने का निर्णय लिया था। निगम ने विस्तृत डीपीआर शासन को भेजा था। शासन ने सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जल निगम के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। नगर निगम ने सर्वे भी कराया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि वार्डों में नई पाइपलाइन डाली जाएगी। नगर निगम के पंद्रहवें वित्त के फंड से बजट जारी किया गया है।
एआई चैटबॉट से पता करें अपना संपत्तिकर
आम जनता एआई चैटबॉट से संपत्तिकर जान सकती है। इसका नंबर 8601872601 है। इस पर मकान नंबर या मकान आईडी नंबर दर्ज करने के बाद कर जमा किया जा सकता है। इस पर हाय लिखकर भेजें। नागरिक संपत्तिकर (गृहकर, सीवरकर और जलकर) ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे। शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एआई आधारित इस चैटबॉट सुविधा से 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर 12 प्रतिशत की छूट दी गई थी। चैटबॉट से हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
2 दिन में दो डिग्री बढ़ा तापमान, गर्मी रही
सावन के अंतिम दिन काशी में गर्मी और उमस ने परेशान कर दिया। पिछले तीन दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद शुक्रवार को दो डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कुछ इलाकों में शुक्रवार की दोपहर में बारिश भी हुई। शुक्रवार को जिले में करीब 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को तीखी धूप निकलने के चलते हवा में नमी 91 फीसदी तक पहुंच गई। इससे गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। कूलर और पंखों के साथ एसी भी बेबस नजर आए।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अगले दो से तीन दिनों तक धूप और बादल छाए रहने के आसार बने हुए हैं। अगले तीन दिन बारिश को कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।
चांदपुर में 12 घंटे, मंडुवाडीह में 8 घंटे की कटौती
त्योहार पर उमस भरी गर्मी में शुक्रवार को लोग बिजली कटौती से भी परेशान रहे। बृहस्पतिवार की सुबह से लेकर शुक्रवार की देर रात तक कई इलाकों में जबरदस्त बिजली कटौती हुई। चांदपुर क्षेत्र में जहां 12 घंटे बिजली गुल रही, वहीं मंडुवाडीह में आठ घंटे और सेवापुरी क्षेत्र में पूरी रात बिजली गायब रही। बिजली कर्मियों को फाॅल्ट ढूंढने में समय लग गया। चांदपुर क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह 10 बजे लाइट कटी। यहां क्षेत्र में पूरे दिन तक कर्मियों को फाॅल्ट का ही पता नहीं लग पाया कि दिक्कत क्या हुई है।
27 से 40 साल उम्र वालों के लिए आईआईटी बीएचयू में 55 पदों पर नौकरी का माैका
कला, विज्ञान से स्नातक या इंजीनियरिंग की डिग्री है और उम्र 27 से 40 साल के बीच है तो यह खबर आपके काम की है। आईआईटी-बीएचयू में प्रशासनिक, तकनीकी, पुस्तकालय, इंजीनियरिंग और राजभाषा से जुड़े क्षेत्रों में काम करने का मौका है। 55 नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती हो रही है। 24 सितंबर को शाम पांच बजे तक आवेदन किया जा सकेगा। समर्थ पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया 25 अगस्त से शुरू हो चुकी है।
जूनियर टेक्नीशियन पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष है और इस पद पर 28 वैकेंसी निकाली गई हैं। फिजिक्स-केमेस्ट्री से स्नातक या संबंधित फील्ड में इंजीनियरिंग की डिग्री होना जरूरी है। न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक चाहिए। जूनियर सुपरिंटेंडेंट, जूनियर ट्रांसलेटर ऑफिसर और जूनियर इंजीनियर के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है।
ह्यूमन जेनेटिक्स से एमएससी करने का मौका
बीएचयू में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के बाद अब विशेष पाठ्यक्रमों एमएससी इन मॉलिक्यूलर एंड ह्यूमन जेनेटिक्स और एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी में प्रवेश शुरू हो गया है। गेट-बी में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए मॉप-अप राउंड में प्रवेश प्रक्रिया शनिवार यानी आज से शुरू हो रही है। कुल 20 सीटों पर दाखिला मिलेगा। जिन छात्रों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है, वे इसमें भाग ले सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया विभाग में सुबह 10 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को अपने कोर्स के विकल्प के आधार पर गूगल फॉर्म भरना अनिवार्य है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार दोनों कोर्स में आवेदन करता है तो दोनों ही आवेदनों को निरस्त कर दिया जाएगा।
लाइब्रेरी अधिकारियों को उत्कृष्ट शोधपत्र अवाॅर्ड
मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में बीएचयू सेंट्रल लाइब्रेरी के अधिकारियों के शोधपत्रों को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय लाइब्रेरी एवं इंफॉर्मेशन सोसाइटी के 10वें सेमिनार में डिजिटल और एआई युग में लाइब्रेरी सेवाओं में परिवर्तन विषय पर उत्कृष्ट शोधपत्र अवाॅर्ड दिया गया। वहीं, लाइब्रेरी एवं इंफॉर्मेशन साइंस में एआई दक्षता अंतराल और पेशेवर विकास विषय पर सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र प्रस्तुति अवार्ड प्रदान किया गया।
बीएचयू के डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. विवेकानंद जैन और डॉ. संजीव सराफ तथा असिस्टेंट लाइब्रेरियन डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। इनके साथ ही बीएचयू के पूर्व छात्र और दिल्ली विश्वविद्यालय के लाइब्रेरियन डॉ. राजेश कुमार सिंह, असिस्टेंट लाइब्रेरियन डॉ. अभय चौरसिया तथा राजेश कुमार मिश्रा ने भी भाग लेकर शोधपत्र प्रस्तुत किए।
डीपीएस काशी ने कोड बॉट चैंपियनशिप में हासिल की बड़ी कामयाबी
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) काशी के छात्रों ने रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कोडिंग के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी छात्र रोबोटिक्स प्रतियोगिता कोड बॉट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर से आए प्रतिभावान छात्रों ने हिस्सा लिया था। डीपीएस काशी की टीम ने इस प्रतियोगिता के रोबोट फाइट मुकाबले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की इस शानदार जीत में एक रनर-अप ट्रॉफी, छह स्वर्ण पदक और नकद पुरस्कार शामिल रहे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में देवराज ने रोबोट फाइट इवेंट में पहला स्थान हासिल किया।
उन्हें एक स्वर्ण पदक, विजेता ट्रॉफी और 4000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा, साक्षी सिंह ने लाइन फॉलोइंग रोबोट श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, अनमोल श्रीवास्तव ने रोबो रेस और यथार्थ ने रोबो सॉकर में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन सभी विजेताओं को स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्रों की इस शानदार सफलता पर प्रधानाचार्य मृणाल चौधुरी ने पूरी टीम और उनके मेंटर्स को बधाई दी। छात्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना की सराहना की।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सनबीम लहरतारा ने जीती चैंपियंस ट्रॉफी
सनबीम स्कूल लहरतारा ने द सिंधिया स्कूल ग्वालियर की ओर से आयोजित 53वीं प्लेटिनम जुबली अंतरविद्यालयीन प्रतियोगिता की प्रतिष्ठित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में सनबीम स्कूल लहरतारा का प्रतिनिधित्व शुभन सिंह, श्रेयांशु महापात्रा, आद्या खन्ना और अंशिका सिंह ने किया। टीम ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में अपनी ज्ञान-सम्पन्नता, त्वरित सोच, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रसिद्ध क्विज मास्टर अजय पूनिया के संचालन में आयोजित प्रश्नोत्तरी के चुनौतीपूर्ण चरणों में असाधारण प्रदर्शन करते हुए सनबीम की टीम ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हमारे विद्यार्थियों की ज्ञान-पिपासा, परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उपाध्यक्ष भारती मधोक, निदेशक अमृता बर्मन, मानद निदेशक हर्ष मधोक ने टीम को बधाई दी।
बीएचयू के डालमिया-सावित्री हॉस्टल के विकास-सुविधा के लिए समझौता
बीएचयू में डालमिया हॉस्टल और कमच्छा परिसर समेत सावित्री हॉस्टल के विकास और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए शुक्रवार को समझौता हुआ। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी में डालमिया समूह की संबद्ध कंपनियों के एमओयू पर कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और कुणाल डालमिया ने हस्ताक्षर किए।
कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि डालमिया समूह की ओर से विश्वविद्यालय की सुविधाओं के विकास और सुधार की पहल सार्थक है। कुणाल डालमिया ने कहा कि वे इस योगदान को एक विरासत के रूप में देखते हैं।
डालमिया हॉस्टल में वाटर ट्रीटमेंट भी होगा
बीएचयू के डालमिया छात्रावास में संरचनात्मक मरम्मत, वाटर ट्रीटमेंट, बिजली और शौचालयों की मरम्मत के साथ ही रंग-रोगन का काम कराया जाएगा। परिसर को पौधरोपण किया जाएगा। छात्रावास में स्वर्गीय एलएन डालमिया की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
कमच्छा में बनेगा साबो उद्यान: सीएचएस में कमच्छा से सटे पूर्व दिशा के क्षेत्र में साबो उद्यान बनाया जाएगा। पौधरोपण, फव्वारों और जल निकायों के साथ पुनर्विकास किया जाएगा। ठंडे व गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां एक बहुउद्देशीय खेल मैदान भी विकसित किया जाएगा।
रोजगार के लिए वेंडर्स को मिलेगा स्थान
स्ट्रीट वेंडर्स को बेहतर रोजगार के लिए स्थान दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी की ओर से आरओबी और फ्लाईओवर के नीचे वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। वेंडर्स को अस्थायी दुकानें मिलेंगी। पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों (वेंडर्स) को बिना किसी गारंटी के 10 हजार से लेकर 50 हजार तक का ऋण दिया जा रहा है।
वेंडर्स के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित होने से उन्हें बिना किसी डर या अव्यवस्था के स्थायी रूप से व्यापार करने का सुरक्षित स्थान मिलेगा। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और खानपान के वेंडर्स की दैनिक बिक्री और आय दोनों में बढ़ोतरी हुई है। पिछले दिनों स्ट्रीट वेंडर्स संगठन के पदाधिकारियों ने मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात की थी।
उन्हें समस्याएं बताई गई थीं। राजस्व विभाग को सर्वे कर स्थान तलाशने की जिम्मेदारी दी गई थी ताकि वहां पर विकास कराके वेंडर्स को स्थान उपलब्ध कराया जा सके। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वेंडर्स को अस्थायी दुकान संचालित करने के लिए स्थान दिया जाएगा।
सुरक्षा मानकों के साथ पूरा होगा सिगरा के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण
नगर निगम बॉन्ड से सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम के पास बन रहे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य सुरक्षा मानकों के साथ पूरा कराने पर जोर है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने जल्द ही बैठक बुलाई है। बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी। इस समय सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कार्य निर्धारित नियमों और गुणवत्ता के अनुसार ही कराए जाएं। सुरक्षा उपकरणों जैसे सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट के उपयोग को अनिवार्य किया गया है। ऊंचाई पर काम करते समय सुरक्षा मानकों का पालन दुर्घटनाओं से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है।
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम के पास व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, होटल और भूमिगत पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 40.52 करोड़ रुपये है। इसका 35 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब तक दो तल का निर्माण पूरा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर तक यह काम पूरा होगा। इस कॉम्प्लेक्स में 67 कमरों का एक होटल होगा और इसमें कई कमर्शियल दुकानें भी होंगी। यह शहर का पॉश इलाका है। हाल के दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया गया है।
जलमार्ग परियोजनाओं के काम में लाएं तेजी, समय से पूरा करें
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी की अध्यक्षता में शुक्रवार को पूर्वांचल में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था की प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मल्टी मॉडल टर्मिनल, क्रूज टर्मिनल, रेल संपर्क, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क समेत अन्य परियोजनाओं की प्रगति परखी गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वाराणसी और पूर्वांचल में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ रेल, सड़क और जल परिवहन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इससे क्षेत्र में मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में मल्टीमॉडल परिवहन, लॉजिस्टिक्स, जल पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, डीएम सत्येंद्र कुमार, आईडब्ल्यूएआई के सदस्य के साथ ही डीएम चंदौली और पीडी एनएचएआई सासाराम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
सितंबर में पड़ने वाले सोरहिया मेले के लिए तैयार हो रहा लक्ष्मीकुंड
आगामी सितंबर में 18 -19 से शुरू होने वाले सोरहिया मेले की तैयारी लक्ष्मीकुंड पर शुरू हो गई है। यहां पर जनसुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है ताकि मेले के साथ आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
नगर निगम की ओर से यहां के कुंड का इको सिस्टम दुरुस्त किया जा रहा है। इन कुंडों के पुराने सोता को खोला जा रहा है ताकि कुंडों में प्राकृतिक रूप से जल आता रहे। जमी मिट्टी हटवाई जा रही है। इनकी सफाई कराई जा रही है। इससे भूगर्भ जलस्तर बढ़ेगा। सुंदरीकरण होने से लोग यहां आएंगे।
तालाबों के चारों तरफ पत्थर के चाैकों और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जा रहा है। यहां लोहे की बैरिकेडिंग की गई है जो कुछ जगहों पर टूटी है। मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि यहां मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। पत्थर के चौके बदले जा रहे हैं। जहां टूट-फूट है उनकी मरम्मत कराई जा रही है ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न कराना पड़े।
तीज उत्सव में स्वाति बाहेती बनीं तीज क्वीन
माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से शुक्रवार को माहेश्वरी भवन में लहरियो तीज उत्सव मनाया गया। लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने राजस्थानी संस्कृति की झलक पेश की। इंस्टाग्राम राजस्थान थीम पर आयोजित नृत्य और कॉमेडी रील प्रतियोगिताओं के साथ पारंपरिक घूमर की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। स्वाति बाहेती को तीज क्वीन चुना गया। श्रेया सोमानी द्वितीय और राधिका मुंद्रड़ा तृतीय रहीं। अध्यक्ष अलका बाहेती, मंत्री लक्ष्मी लड्ढा और कोषाध्यक्ष प्रज्ञा बजाज ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण किया। इसके बाद महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह से भाग लिया।
कल मनेगा भीमचंडी देवी का प्राकट्योत्सव
काशी की प्रसिद्ध पंचक्रोशी यात्रा के द्वितीय पड़ाव स्थल पर स्थित मां भीमचंडी देवी का वार्षिक प्राकट्योत्सव इस वर्ष भाद्रपद कृष्ण द्वितीया, रविवार को वैदिक विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा। पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति ने इसकी रूपरेखा साझा की। उत्सव के तहत श्री रामचरितमानस अखंड पाठ, रुद्रचंडी यज्ञ, भजन संध्या, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, अन्नपूर्णा मंदिर के महंत मौजूद रहेंगे।
रुद्राक्ष के दानों से मां कुष्मांडा का शृंगार
दुर्गाकुंड स्थित आदिशक्ति मां कुष्मांडा मंदिर में सावन पूर्णिमा पर मां का 11 हजार रुद्राक्ष के दानों से भव्य श्रृंगार किया गया। पंचामृत स्नान के बाद मां को नूतन वस्त्र और आभूषण धारण कराए गए। फूलों से मनोहारी श्रृंगार कर भव्य आरती उतारी गई। मां के जयकारों से मंदिर परिसर देर रात तक गूंजता रहा। दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी और दरबार में भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धा-भक्ति की बयार बहती रही। मंदिर के पुजारी पं. ऋषभ दुबे के निर्देशन में श्रृंगार किया गया। आरती के बाद भक्तों में भोग-प्रसाद वितरित किया गया। गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें गायन, वादन और नृत्य की त्रिवेणी मां के चरणों में अर्पित की गई।
डॉ. ऋषभ साह ने 24 घंटे के भीतर किया नेत्र प्रत्यारोपण
41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत वाराणसी आई बैंक सोसाइटी को प्राप्त 4 नेत्रदान में से दो नेत्रों का प्रत्यारोपण 24 घंटे के भीतर डाॅ. ऋषभ साह ने किया। इसमें एक नेत्र का प्रत्यारोपण अत्याधुनिक टांका मुक्त डीएसएईके तकनीक से किया गया। 27 अगस्त को वैजनत्था निवासी शशिकला अग्रवाल के मरणोपरांत और उठेरी बाजार निवासी शीला टकसाली से मरणोपरांत नेत्रदान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर वाराणसी आई बैंक सोसाइटी के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार साह ने नेत्रदाता परिवारों को धन्यवाद दिया।
वंचित वर्गों को आगे बढ़ाना पूरे समाज की जिम्मेदारी: डॉ. कृष्ण गोपाल
सेवा भारती समिति काशी प्रांत की ओर से लोहता स्थित माधव सेवा प्रकल्प में सेवा संवाद कार्यक्रम हुआ। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से जुड़कर कार्यकर्ताओं के बीच संवाद स्थापित करें, ताकि सेवा कार्यों की प्रभावशीलता से समाज के वंचित वर्गों तक पहुंच और व्यापक बनाई जा सके।
उन्होंने सेवा बस्तियों में जाकर काम करने पर जोर दिया। काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि शुरुआत में सेवा बस्तियों में छोटे सेवा प्रकल्प संचालित किए गए। समय के साथ यह अनुभव सामने आया कि प्रांत में ऐसा बड़ा सेवा प्रकल्प होना चाहिए जो रोल मॉडल के रूप में विकसित हो।
उन्होंने बताया कि शिक्षा से जुड़े 209 केंद्र, स्वावलंबन व आजीविका से संबंधित 64 केंद्र और सामाजिक जागरण, बालिका विकास, परिवार परामर्श व वाचनालय आदि से जुड़े 28 केंद्र संचालित हो रहे हैं। इस तरह काशी प्रांत में कुल 321 स्थानों पर सेवा कार्य चल रहे हैं। समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह ने सेवा कार्यों से जुड़े कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।