फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में महिला से 13 लाख का फ्राॅड, शंकराचार्य बोले- वोट की राजनीति कर रही सरकार

Sun, 22 Mar 2026 01:50 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ मकान रजिस्ट्री के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। वहीं, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मथुरा में गोरक्षा के लिए आगे आए फरसा बाबा की मौत पर दुख जताया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: मकान की रजिस्ट्री के नाम पर 70 साल की वृद्धा श्यामरथी देवी से 13 लाख रुपये की ठगी हो गई। रजिस्ट्री के बाद भी उन्हें 13 लाख रुपये नहीं दिए गए। पीड़िता ने आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी श्यामरथी देवी ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उन्होंने अपना पुश्तैनी मकान 13 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। 

विज्ञापन


मोहल्ले के विजय राजभर ने सौदा तय कराने में मदद की और 23 मार्च 2021 को धोबी घाट निवासी राजन अग्निहोत्री के नाम मकान की रजिस्ट्री करा दी। भुगतान के लिए तीन चेक दिए गए, लेकिन पीड़िता के अनुसार अब तक रकम उनके खाते में नहीं आई। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट के जरिए इसकी पुष्टि भी की। 

पीड़िता ने बताया कि उन्हें लगातार आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया लेकिन दिसंबर 2025 में कुछ लोगों ने मकान पर बैंक लोन होने की बात कहकर खाली करने का दबाव बनाया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि श्यामरथी देवी की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

विज्ञापन

नमो घाट पर बजड़ा लगाने से मना करने पर नाविकों ने मैनेजर को पीटा
नमो घाट फेस-3 पर नाविकों ने शनिवार देर शाम गंगा आरती स्थल पर जबरन नाव लगाकर सवारी उतारने को लेकर हुए विवाद में घाट के मैनेजर मनीष कुमार सिंह (38) की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने दो नामजद समेत 20 अज्ञात के खिलाफ आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

नमो घाट फेस-3 पर प्रशासन द्वारा नियमित गंगा आरती कराई जाती है और इसके लिए आरती स्थल के सामने जेटी लगाई गई है। शनिवार शाम आरती से पहले दो बजड़ों पर सवार यात्रियों को उतारने के लिए नाव किनारे लगाई जा रही थी। इस दौरान घाट के सुरक्षा कर्मियों और सिगरा के छोटी गैबी निवासी मैनेजर मनीष कुमार सिंह ने व्यवस्था का हवाला देते हुए नाव लगाने से मना किया। इस बात पर नाविक आक्रोशित हो गए और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। 

पीड़ित मनीष ने पुलिस को बताया कि फोन के बाद मौके पर बजड़ा मालिक अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत करीब 20 लोग पहुंचे और उनकी पिटाई की। इस दौरान उनके चेहरे, कमर और हाथ में चोटें आईं। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फर्जी आईसीटी का लाभ दिलाने का आरोपी गिरफ्तार
जीएसटी धोखाधड़ी के आरोपी सूरज वर्मा को एसओजी और चौबेपुर पुलिस ने पंजाब के फतेहगढ़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी फतेहगढ़ के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के गुरु की नगरी, मंडी गोविंदगढ़ का निवासी है। आरोपी पंजाब, लुधियाना, दिल्ली, गुजरात और अहमदाबाद की कुल 5 फर्मों को लगभग 4,31,93,732 रुपये का फर्जी आईटीसी लाभ दिला चुका है। 

इस मामले में एक अन्य आरोपी मो. फरहान, निवासी गुरु की नगरी, मंडी गोविंदगढ़ को 22 फरवरी को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि सहायक आयुक्त, राज्य कर खंड-18 ने 30 जून 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सिंह इंटरप्राइजेज (प्रोपराइटर– जोहर सिंह) नामक फर्म, जिसका जीएसटी पंजीकरण सारनाथ में किया गया था, भौतिक सत्यापन के दौरान घोषित पते पर मौजूद नहीं पाई गई। 

पति की पिटाई से घायल, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। पीडि़ता रूबी श्रीवास्तव ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि पति प्रवीण उर्फ चंदन श्रीवास्तव ने लाठी-डंडे से पिटाई की। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ मारपीट
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही में रहने वाली बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर सुनीता सिंह के घर में घुसकर पिटाई के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता सुनीता सिंह की तहरीर के आधार पर नीरज, धीरज, राजेंद्र, पुष्पा, रानी, शालिनी, माया और भगवान दास के खिलाफ चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने 13 दिसंबर को घर में घुसकर पिटाई की थी। आरोपी घर में किराये पर रहते थे। 85 हजार रुपये किराया बाकी था, जब मांगा तो सभी ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती। - फोटो : amar ujala
गो रक्षा के नाम पर वोट की राजनीति कर रही है प्रदेश सरकार : अविमुक्तेश्वरानंद
ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मथुरा में गोरक्षा के लिए आगे आए फरसा बाबा की मौत पर दुख जताया। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गो रक्षकों पर ही हमला करवा रही है। जो भी गाय को बचाने के लिए आगे आ रहा है, पुलिस उनपर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें परेशान कर रही है। केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में पत्रकारों से शंकराचार्य ने कहा कि प्रदेश सरकार गो रक्षा के नाम पर वोट की राजनीति कर रही है। प्रदेश सरकार अभी तक गोमाता को राजमाता घोषित नहीं कर पाई। 
प्रदेश में गो मांस की बिक्री भी अभी तक रोक नहीं लगाई गई। 

गो रक्षा और गोमाता को राजमाता का स्थान दिलाने के लिए अभियान प्रदेशभर में चलेगा। इस दौरान शंकराचार्य ने आध्यात्मिक पुस्तक अनासक्तिः दुख से निवृत्ति का सूत्र का विमोचन किया। संपादक बटुक योगेश नाथ त्रिपाठी ने बताया कि यह पुस्तक स्वयं शंकराचार्य के गूढ़ और ज्ञानवर्धक प्रवचनों का ही एक संकलन है। माैके पर रंजन शर्मा महाराज, किशोर दवे, डॉ. शशिकांत यादव, पंकज पांडेय, डॉ. निशिता रहीं।

चेन छीनने की आरोपी चार महिलाएं गिरफ्तार
सारनाथ के सारंगनाथ तालाब स्थित लक्ष्मी मंदिर में शुक्रवार को दर्शन के दौरान महिलाओं की सोने की चेन छीनने की चार आरोपी महिलाओं को पुलिस ने सारंगनाथ महादेव मंदिर के पास से शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 सोने की चेन, 7 अंगूठी बरामद हुई है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में सिंधौरा के हिरामनपुर निवासी रीना देवी, रोशनी, रमौली व रेखा है। लक्ष्मी मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान पैगंबरपुर की सुशीला देवी की चेन चोरी की थी। 

दरवाजे पर बैठे बुजुर्ग पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कल्लीपुर गांव में बुजुर्ग राजकुमार की पिटाई के मामले में पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कल्लीपुर (मिर्जामुराद) गांव निवासी अरविंद कुमार पटेल ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की शाम पिता राजकुमार दरवाजे पर बैठे थे। पड़ोसी सूर्यबली पटेल ने हमला कर दिया। बीच-बचाव में बहन सरिता पटेल से भी आरोपी ने गाली गलौज की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सूर्यबली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

दहेज उत्पीड़न मामले में ससुर गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न मामले में आरोपी ससुर मुकेश चंद्र केशरी को जंसा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी मोहल्ला गंज, मड़ियाहूं (जौनपुर) का निवासी है। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। 

सरिया चोरी कर बिक्री के चार आरोपी गिरफ्तार
पिकअप लदी सरिया चोरी मामले में वांछित चार आरोपियों को कपसेठी पुलिस ने शनिवार सुबह अर्जुनपुर-अदमा मार्ग स्थित बगीचे से गिरफ्तार किया। निशानदेही पर पुलिस ने रोहनिया के मनियारीपुर गांव निवासी किशन पटेल के घर से चोरी की गई सरिया बरामद की। एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव और थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुनपुर निवासी प्रमोद उर्फ सक्कल, लक्षापुर निवासी शमशेर पटेल, मनियारीपुर निवासी किशन पटेल और खेतन पटेल शामिल हैं। 

जुआ खेलने में पांच गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में एक पब्लिक स्कूल के पीछे पोखरे के पास शनिवार को जुआ के फड़ पर छापा मारकर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से ताश के पत्ते और 12,570 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही दो बाइक सीज कर दी गईं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापपुर निवासी अजय कुमार, प्रदुम्न पटेल, विशाल पटेल, विनोद कुमार और आषाढ़ गांव निवासी रिंकू कुमार पटेल शामिल हैं। सभी को निजी मुचलके पर देर रात छोड़ दिया गया। 

घरेलू विवाद में धारदार हथियार से हमला, चार पर प्राथमिकी
मकबूल आलम रोड स्थित डीआईजी कॉलोनी में घरेलू विवाद को लेकर मारपीट हो गई। धारदार हथियार से हमला किया गया। शुक्रवार रात कैंट पुलिस ने महिला समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 

पीड़िता आभा सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने जेठ अभिषेक सिंह उर्फ ‘बड़े’ के उत्पीड़न के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दे चुकी थीं। इसकी जानकारी मिलने के बाद 20 मार्च की देर रात अभिषेक सिंह ने अपने परिवार के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। अभिषेक सिंह ने मारपीट की और बचाव के दौरान बहू ज्योति, उसके छोटे बच्चे, विश्वजीत सिंह और उनके पिता विराज सिंह पर भी बैट से हमला किया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवकांत मिश्रा ने बताया कि अभिषेक सिंह, आर्यवीर सिंह, रणवीर सिंह और अनामिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

राजातालाब में हटवाया अतिक्रमण
राजातालाब बाजार में ओवरब्रिज के नीचे और पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम को हटाने के लिए राजातालाब थाने की पुलिस शनिवार को सड़क पर उतरी। राजातालाब के एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने दुकानदारों को चेताया कि यदि दोबारा अतिक्रमण हुआ तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। 

पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर
कपसेठी थाना क्षेत्र के तक्खू की बावली बाजार में शनिवार शाम 6:30 बजे ईंट लदे पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। बाजार में खरीदारी के लिए आए झम्मनपुर गांव निवासी भाई रुद्र राय और बहन सुरभि को एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

हाईवे पर मिली लावारिस कार, शीशे पर लिखा था जिला मंत्री भाजपा 
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव के सामने हाईवे पर शनिवार को लावारिस कार पुलिस ने बरामद की। कार के शीशे पर जिला मंत्री भाजपा लिखा था। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर खड़ी टाटा इंडिगो कार की जांच की गई लेकिन अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि शुक्रवार दोपहर से ही कार खड़ी है। कार के शीशे पर जिला मंत्री भाजपा लिखा हुआ है। परिवहन विभाग से संपर्क कर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है।

अंडरग्राउंड बिजली का फॉल्ट ठीक करने में लगे 8 घंटे
वाराणसी। भदैनी उपकेंद्र से संबंधित पांडेय हवेली क्षेत्र में अंडरग्राउंड बिजली के केबल में फॉल्ट होने की वजह से करीब दस हजार की आबादी आठ घंटे तक बिजली और पानी के लिए तरस गई। शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश में अंडरग्राउंड केबल की बिजली अचानक बंद हो गई। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर फॉल्ट लोकेटर मंगाकर स्थान चिह्नित कर ठीक करने का प्रयास शुरू किया गया। करीब साढ़े बारह बजे बिजली बहाल हुई, लेकिन लाइन लोड नहीं ले सकी और बिजली ट्रिप कर गई। इसके बाद दोबारा लाइन ठीक करने का प्रयास किया गया। 

36 घंटे में भी नहीं हो सकी जले पैनल की मरम्मत: मंडुवाडीह उपकेंद्र के पैनल में लगी आग भले ही तीन घंटे में बुझ गई, लेकिन इसके 36 घंटे बाद भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका है। बिजली विभाग संबंधित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिये बिजली आपूर्ति कर रहा है। पैनल में आग लगने की वजह से मंडुवाडीह उपकेंद्र से संबंधित तीन पैनलों से बिजली आपूर्ति बाधित है। मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि रविवार तक इसे ठीक कर लिया जाएगा। 

छुट्टी के दिन भी जमा हुए  30 लाख रुपये
अवकाश के दिन शनिवार को नगर निगम के 9 टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहे। दिन भर में 215 लोगों ने 30 लाख रुपये संपत्तिकर जमा किए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की ओर से निर्देश दिया गया है कि अवकाश के दिनों में भी सभी टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहेंगे। मार्च महीना समाप्त होने में 10 दिन बचे हैं। ऐसे में अधिक से अधिक वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। 

नगर निगम में नामित पार्षद लेंगे शपथ
नगर निगम सदन की बैठक रविवार को टाउनहॉल में सुबह 11 बजे से होगी। सर्वप्रथम दस नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके बाद मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कार्यकारिणी से पास बजट पर मुहर लगेगी। कार्यकारिणी ने पिछले दिनों 2537.84 करोड़ रुपये का बजट पास किया था। इसमें नगर निगम के लिए 2262.42 करोड़ रुपये और जलकल के लिए 275.42 करोड़ रुपये का बजट शामिल है। इसमें पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए 20 करोड़ रुपये और सेवा बस्तियों (मलिन बस्तियों) के लिए 30 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। कई मदों में खर्च में कटौती तथा कुछ मदों में व्यय बढ़ाने के सुझाव पर सहमति बनी। 

बीएचयू में तीन दिन में पढ़े गए 48 शोध पत्र
बीएचयू के महामना सभागार में इतिहास विभाग की ओर से 19 मार्च से चल रही तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन शनिवार को हो गया। तीन दिन में विभिन्न जगहों से आए प्रतिभागियों की ओर से कुल 48 शोध पत्र पढ़े गए। इस दौरान डॉ. राम प्रकाश शर्मा के संपादन में शोध आलेखों के संकलन के रूप में प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी अतिथियों ने किया। 

आईआईएएस शिमला के निदेशक प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी के साथ ही प्रो. रजनीश शुक्ल ने भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध पक्षों के बारे में बताया जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय से डॉ. प्रिया शर्मा, जेएनयू से डॉ. उमेश खूटे, बरेली विश्वविद्यालय की इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. प्रिया सक्सेना आदि ने समय-समय पर इस तरह के आयोजन के कराए जाते रहने को शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों के लिए भी उपयोगी बताया। इस दौरान प्रो. अनुराधा सिंह,डॉ. जय लक्ष्मी कौल, प्रो. अशोक उपाध्याय,प्रो. घनश्याम आदि लोग मौजूद रहे।

महादेव पीजी कॉलेज में अभिव्यक्ति-2026 युवा महोत्सव का शुभारंभ
बरियासनपुर स्थित महादेव पीजी कॉलेज में शनिवार को दो दिवसीय युवा महोत्सव अभिव्यक्ति-2026 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होती है। महादेव पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सरकारी नौकरियों में चयनित हो रहे हैं। 

विशिष्ट अतिथि महंत सत्यानंद यति जी महाराज ने भगवान विष्णु के दशावतार पर आधारित झांकी सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। इस दौरान बच्चों ने मनमोहक डांडिया किया। इसके अलावा पारंपरिक फैशन, समूह गान, नृत्य नाटिका और कत्थक नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। प्रबंधक अजय सिंह, सीमा सिंह, प्राचार्य डॉ दयाशंकर सिंह, डॉ लोकनाथ पांडेय, संजय सिंह, डॉ संजय मिश्रा, डॉ रेखा सिंह, डॉ मारुति नंदन मिश्र उपस्थित रहे। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ गौरव मिश्रा ने किया। 

सनबीम सिटी में गंगा नदी की फुसफुसाहट का लोकार्पण
सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की ओर से सनबीम सनसिटी परिसर में शनिवार को एराइज सदस्यों की समूह बैठक हुई। इसमें विद्यार्थियों की ओर से लिखित पुस्तक गंगा- नदी की फुसफुसाहट का औपचारिक लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में 150 स्कूलों के संचालक, शिक्षाविद् आए।

सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डॉ. जोसेफ इमैनुएल, नेहरू वर्ल्ड स्कूल के निदेशक व प्रधानाचार्य डॉ. अरुणभ सिंह, सेठ आनंदराम जैपुरिया समूह के अध्यक्ष शिशिर जैपुरिया, सुचित्रा अकादमी के संस्थापक/प्रबंध न्यासी केवी प्रवीण राजू, नागा प्रसाद तुम्माला सह-संस्थापक एवं सीईओ कोस्कूल, एसएआई इंटरनेशनल एजुकेशन समूह के अध्यक्ष डॉ. शिल्पी साहू, द खैतान स्कूल नोएडा के उपाध्यक्ष वेदांत खैतान, नीरज जैन प्रबंध निदेशक स्कॉलैस्टिक इंक रहे। सनबीम समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि यह पुस्तक स्टूडेंट्स वॉयस का सशक्त उदाहरण है जो बनारस की आत्मा को शब्दों में पिरोती है।

25 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे यूजी और डिप्लोमा परीक्षा के छात्र 
काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध वाराणसी समेत पांच जिलों के महाविद्यालयों में बीएफए, बीम्यूज समेत डिप्लोमा कोर्स में परीक्षा के लिए 25 मार्च तक फाॅर्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालय में 27 तक हार्डकॉपी जमा करने की तिथि निर्धारित की गई है। परीक्षा अगले महीने के दूसरे सप्ताह से कराए जाने की तैयारी है। 

विवि में इन दिनों बीए, बीएससी की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रहीं हैं। इसी बीच विवि की ओर से सत्र 2025-26 के लिए स्नातक वार्षिक पाठयक्रम में बीएफए, बीम्यूज और बीए मॉस कम्युनिकेशन द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ वर्ष की परीक्षा के लिए फाॅर्म भरवाए जा रहे हैं। इसके अलावा परीक्षा विभाग की ओर से वार्षिक डिप्लोमा कोर्स के परीक्षा फाॅर्म की तिथि भी जारी कर दी गई है। 

परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले के कॉलेजों के छात्र 25 तक ऑनलाइन फाॅर्म भरकर संबंधित विभाग /कॉलेज में 27 तक हार्डकॉपी जमा करनी होगी। कॉलेजों की ओर से 29 मार्च तक परीक्षा शुल्क विवि के खाते में जमा कर 31 मार्च तक सभी फॉर्म की हार्डकॉपी विवि के परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित परीक्षाओं की समय-सारिणी तैयार करवाई जा रही है।

एपीओ परीक्षा के दाैरान नहीं   होगा मूल्यांकन
वाराणसी। यूपी बोर्ड की ओर से मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। रविवार को 26 केंद्रों पर एपीओ प्री की परीक्षा है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिस केंद्र पर एपीओ प्री की परीक्षा होगी उस दौरान वहां मूल्यांकन कार्य स्थगित रहेगा।

मेयर ने 3.59 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को भेलूपुर, कैंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 3.59 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मेयर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएं। नगर निगम शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही सीवर व पेयजल की समस्याओं का स्थायी सामाधान करने में जुटा है। भेलूपुर जोन के नेवादा वार्ड (वार्ड नं. 26) स्थित इंद्रा नगर कॉलोनी में लंबे समय से सीवर की समस्या थी। इस वार्ड में 915 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने के कार्य होंगे। इस परियोजना में 230.30 लाख रुपये खर्च होंगे। 

कैंट विस के लहरतारा वार्ड में डीह बाबा मंदिर के समीप 75.74 लाख की लागत से एक नए मिनी नलकूप का अधिष्ठापन होगा और नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। लहरतारा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में 52.96 लाख की लागत से नलकूप के रिबोर कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर पार्षद-गरिमा सिंह, रविन्द्र सिंह, अतुल पांडेय, अजय बिंद, मदन मोहन तिवारी, संजू सरोज मौजूद रहे। 

महादेव पीजी कॉलेज में 21 नदियों का जल लेकर पहुंचा रथ
महादेव पीजी कॉलेज में हुए कार्यक्रम अभिव्यक्ति 2026 के उद्घाटन अवसर पर 21 नदियों का जल कलश में लेकर गायत्री परिवार का रथ शनिवार को पहुंचा। इस दौरान गायत्री परिवार से जुड़े लोगों ने छात्र-छात्राओं को अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ी पुस्तक वितरित की। 

कॉलेज के प्रबंधक अजय सिंह ने कलश और माता गायत्री की आरती कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की। रथ लेकर आए घनश्याम, जनार्दन पांडेय, अवधेश सिंह आदि ने बताया कि विश्व कल्याण के लिए उत्तराखंड से शुरू हुई यह जल कलश यात्रा गाजीपुर से काशी पहुंची। यह चित्रकूट जाकर समाप्त होगी। 

कैंट स्टेशन के यार्ड में शंटिंग कार्य में विशेष सतर्कता जरूरी
कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन निदेशक ने रविवार को यार्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान यार्ड में इंजन की शंटिंग के दौरान पिछले दिनों हुई घटनाओं के बाद अब कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इसमें इंजन को एक ट्रैक से से दूसरे ट्रैक पर ले जाने, संवाद पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। 

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल कार्यालय की ओर से रेलवे में कामकाज के दौरान संरक्षा से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा हुई। निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि शंटिंग के दौरान ट्रैक पर मूवमेंट को लेकर विशेष निगरानी रखनी चाहिए ताकि कोई घटना न हो। बैठक में यातायात निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार, मुख्य यार्ड मास्टर संजीव कुमार मौजूद रहे। 

डिमिक-डिमिक डमरू कर बाजे..... पर दी प्रस्तुति
चैत्र नवरात्र की तीसरी निशा में श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिवार्चनम मंच पर कलाकारों ने बांसुरी, आदि शक्ति के शास्त्रीय भजन और महिषासुर मर्दिनी-कथक नृत्य की प्रस्तुति दी। डिमिक-डिमिक डमरू कर बाजे..... पर पं. रविशंकर और डॉ. ममता टंडन ने कथक कर दर्शनार्थियों को शिव-पार्वती के रूप का दर्शन कराया। इनसे पहले विदुषी सुचारिता गुप्ता ने मां दुर्गा पर आधारित भजन प्रस्तुत किया। उनके साथ राहुल मुखर्जी सहित कई कलाकारों ने वाद्य यंत्रों पर संगत की। इस माैके पर डॉ. राकेश कुमार ने बांसुरी वादन कर मां जगदंबे की आराधना की। 

कलाकारों को प्रशिक्षित कर विभिन्न मंचों पर अवसर देने की पहल
गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित शैली में कलाकारों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से वीडीए की ओर से संत गुरु रविदास पार्क नगवां में आनंद कानन कला गुरुकुल में सांस्कृतिक आयोजन हो रहे हैं। यहां रोजाना छह से सात बजे विभिन्न कला से जुड़े लोग पहुंचते हैं। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि आनंद कानन कला गुरुकुल भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की दिव्य चेतना से प्रेरित एक सांस्कृतिक उपवन है। यहां कला केवल अभिव्यक्ति नहीं बल्कि आनंद, साधना और आत्मोन्नति का माध्यम बनती है।

अवैध प्लॉटिंग न करने का दिया संदेश
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व में अवैध प्लॉटिंग न करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को नागरिकों को यह जानकारी दी जा रही है कि केवल प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट वाले प्लॉट ही खरीदें। प्लॉट विक्रेता (प्लॉटर) भी वीडीए से लेआउट स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही प्लॉटों का विक्रय करें। ऐसा न करने पर वीडीए की ओर से संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडीए उपाध्यक्ष ने आम जनता से नक्शा स्वीकृत कराने के बाद ही निर्माण कराए जाने की अपील की। 

हिंदी के विकास का आधार है भोजपुरी : राज्यपाल
भोजपुरी हिंदी भाषा के विकास का आधार है। भोजपुरी बोलने वाले तो बहुत हैं लेकिन भाषा विवाद के कारण उसे क्षेत्रीय भाषा की मान्यता नही मिल सकी। यह बातें शनिवार को तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने बनारस पब्लिक स्कूल में हुए राहुल सांकृत्यायन लोकभाषा भोजपुरी तथागत सम्मान समारोह में कहीं।

उन्होंने कहा कि साहित्य का मुकाम सम्मान देना होता है। आज के इस सम्मान से न केवल साहित्यकारों को ऊर्जा मिलेगी बल्कि आने वाले भावी प्रतिभाशाली साहित्यकारों को एक मंच मिलेगा। इससे उन्हें रचना के प्रति प्रेरणा मिलेगी। साहित्यकार व कवि प्रोफेसर डॉ. प्रकाश उदय पांडेय के अरज निहोरा कृति को राहुल सांकृत्यायन लोकभाषा भोजपुरी सम्मान से 51 हजार राशि और तथागत लोकभाषा व्याकरण सम्मान भोजपुरी शब्दकोश के लेखक चंद्रशेखर परवाना को 21 हजार नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

अध्यक्षता डॉ. सदानंद शाही और संचालन डॉ गोपाल यादव ने किया। साहित्यकार सीमा पांडेय, तथागत ट्रस्ट की अध्यक्षा बिंदु सिंह रहीं। इस दौरान साहित्यकार प्रदीप शुक्ला, प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश संरक्षक देवकृष्ण शर्मा, प्रधानाचार्य एके शुक्ला, डॉ बलधारी मौजूद यादव रहे।

थोपी न जाए ऑटोमेटिक प्री पेड व्यवस्था
चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों की बिजली से जुड़ी समस्या से अवगत कराया है। कहा कि किसानों और ग्रामीणों पर ऑटोमेटिक प्री-पेड व्यवस्था ना थोपी जाए। सांसद ने इसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, बिजली मंत्री को भेजी है। कहा उत्तर प्रदेश के वाराणसी एवं चंदौली जिले में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। इसकी मीटर रीडिंग ठीक नहीं आती है। 

शहर में घूम रही गार्नियर कलर वैन बालों को बिना खर्च मिलेगा नया रंग
अगर आप अपने बालों को नया रंग देना चाहते हैं तो यह सुविधा आप बिना किसी खर्च के ले सकते हैं। इसके लिए शहर में अमर उजाला के सहयोग से विशेष अभियान के तहत गार्नियर कलर वैन घूम रही है। चौराहों से लेकर गलियों तक घूमने वाली इस कैंटर वैन में हेयर कलर और एक्सपर्ट कंसल्टेशन की सुविधा मिल  रही है।

इस अभियान में पहले लोगों को एक वर्चुअल ट्राय-ऑन सेटअप के माध्यम से बालों को कलर करने से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। इसके बाद लोगों की पसंद के अनुसार उनके बालों को नया रंग दिया जा रहा है।गार्नियर का यह हेयर कलर न सिर्फ लाजवाब है, बल्कि यह घने बालों पर भी लंबे समय तक टिकने वाला है। इसमें 100 प्रतिशत ग्रे कवरेज, नेचुरल लुकिंग बाल और बादाम तेल का पोषण सिर्फ 15 मिनट में मिलता है। यह पूरी तरह से अमोनिया-फ्री है। गार्नियर कलर वैन आपके इलाके में कब और कहां आने वाली है, इस बारे में आप मोबाइल नंबर 9839933379 पर जानकारी ले सकते हैं। 

बीएचयू में 9 दिन से आईसीयू में भर्ती सर्जरी विभाग की जूनियर डॉक्टर की हालत स्थिर
आईएमएस बीएचयू में सर्जरी विभाग की जूनियर डॉक्टर की हालत स्थिर है। 9 दिन से उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है लेकिन सेहत में विशेष सुधार नहीं दिख रहा है। इधर नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी सहित पांच विभागों के डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी में लगी है। 

सर्जरी विभाग में जूनियर डॉक्टर(जूनियर रेजिडेंट) ने 13 मार्च शुक्रवार को इंसुलिन इंजेक्शन की ओवरडोज लेकर जान देने का प्रयास किया था। इसके बाद से ही उसका इलाज सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक के छठे तल पर स्थित आईसीयू में चल रहा है। उसको वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया हैँ। इधर नाै दिन में दो बार उसका डायलिसिस हो चुका है जबकि चिकित्सकों की सलाह पर अन्य सभी जरूरी जांच भी कराई जा रही हैं। इंसुलिन की ओवरडोज का असर उनकी किडनी पर पड़ने के साथ ही शरीर के अन्य भागों में भी पड़ा है।

इस घटना की जानकारी होने के बाद से आईएमएस बीएचयू में उसके साथ के अन्य जूनियर डॉक्टरों ने काम का दबाव ज्यादा होने की बात कही। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने बताया कि  न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिसिन सहित अन्य विभाग के डॉक्टरों की टीम जूनियर डॉक्टर के इलाज में लगी है। हर संभव जांच कराने के साथ ही जरूरी दवाइयां भी दी जा रही हैं। 

एडवांस न्यूरोस्पाइन एंड पेन मैनेजमेंट सेंटर में निशुल्क शिविर का समापन 
कमर दर्द, साइटिका और स्लिप डिस्क जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए शुक्रवार को मंडुआडीह स्थित एडवांस न्यूरोस्पाइन एंड पेन मैनेजमेंट सेंटर में निशुल्क स्पाइन एंडोस्कोपी शिविर संपन्न हुआ। इसमें बनारस और आसपास के जिलों से आए मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श का लाभ उठाया। शिविर स्पाइन विशेषज्ञ डॉ. एसके जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में स्पाइन एवं पेन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की निशुल्क जांच की और परामर्श दिया।

उन्होंने बताया कि आधुनिक एंडोस्कोपी तकनीक कम समय में मरीजों को राहत देती है। लंबे समय से दर्द से परेशान रहे मरीजों को शिविर से लाभ हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह रीढ़ से जुड़ी समस्याओं का समय पर इलाज करा लें।

वाराणसी मंडल में 259 औद्योगिक इकाइयां चालू
प्रदेश सरकार की 9 वर्षों की औद्योगिक नीतियों और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण वाराणसी मंडल औद्यागिक गलियारा बन कर उभर रहा है। मंडल में 259 औद्योगिक इकाइयां चालू हुई हैं। इसमें 6021.276 करोड़ रुपये के निवेश से 14 हजार 842 लोगों को रोजगार भी मिला है। पूर्वांचल के जिले वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली निवेशकों के लिए नए अवसरों के केंद्र बनते जा रहे हैं। बेहतर कानून-व्यवस्था, सुगम परिवहन और पारदर्शी नीतियों ने इस क्षेत्र को निवेश के अनुकूल माहौल में बदल दिया है। 

मतदाता सूची 15 अप्रैल तक होगी दुरुस्त
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को दुरुस्त कर इसका अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल तक कर दिया जाएगा। जिला पंचायत के 40, प्रधान  के 694, बीडीसी के 1007 और ग्राम पंचायत सदस्य के 1327 पदों पर चुनाव होगा। सूची में 17.53 लाख मतदाता हैं। 694 ग्राम पंचायतों में चुनाव के लिए 850 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 2592 मतदेय स्थल हैं। 28 जोनल मजिस्ट्रेट और 105 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी बनाए गए हैं। 

सौभाग्य गौरी मंदिर में माता का शृंगार किया
वासंतिक नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को सौभाग्य गौरी और चंद्रघंटा के दरबार में भक्तोें की भीड़ उमड़ी। ज्ञानवापी क्षेत्र के सत्यनारायण मंदिर परिसर स्थित सौभाग्य गौरी मंदिर में भोर में माता का पंचामृत से स्नान कराकर सविधि शृंगार किया। इसके बाद दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। 

वहीं, चौक क्षेत्र स्थित चंद्रघंटा मंदिर मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती के बाद दर्शन पूजन शुरू हुआ। मां कुष्मांडा मंदिर दुर्गाकुंड, मां विशालाक्षी मंदिर, संकठा गौरी मंदिर, महावीर मंदिर भोजूबीर, दक्षिणेश्वरी काली मंदिर, लक्ष्मी मंदिर लक्ष्मीकुंड, बड़ी शीतला माता मंदिर दशाश्वमेध घाट में भक्तों की भीड़ उमड़ी। चौक स्थित माता चंद्रघंटा के दरबार में नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने जय जय कार के बीच लगाई हाजिरी। भक्तों ने समृद्धि की कामना की। देवी के दरबार में देर रात तक जयकारा गूंजता रहा।

मां मंगला गौरी का शृंगार कर लगाया 56 भोग
मंगला गौरी के जन्मोत्सव पर विविध अनुष्ठान हुआ। महंत नारायण गुरु ने माता का शृंगार कर 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया। 51 कन्याओं का पूजन किया। महंत ने 11 तरह के पुष्पों से शृंगार किया। मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। जागरण में महिलाओं ने सोहर, पचरा, देवी गीत सुनाई। महिलाओं के पचरे को सुनकर भक्त निहाल हो गए। रात में 12 बजे गिरीश पांडेय ने महाआरती की। इस दौरान  कुंदन उपाध्याय, नरेंद्र पांडेय माैज्ूद रहे। 

सौभाग्य गौरी को अर्पित की सामग्री
चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में सौभाग्य गौरी को समर्पित स्थापित कलश की पूजा की गई। मंदिर के शास्त्रियों ने दुर्गा पाठ के से विधिवत आराधना की। वहीं, सौभाग्य गौरी और मां विशालाक्षी को वस्त्र और शृंगार सामग्री ज्योर्तिलिंग पर चढ़ाकर अर्पित की गई। इसी तरह आगामी दिनों में भी मां गौरी के अलग स्वरूपों पर विभिन्न शृंगार सामग्रियां चढ़ाई जाएंगी। 

बच्चों ने कठपुतली नाटक प्रस्तुत किया
राजकीय जिला पुस्तकालय में अंतरराष्ट्रीय कठपुतली दिवस के अवसर पर शनिवार को क्रिएटिव पपेट थियेटर संस्था के बच्चों ने हिंद के सरदार नामक कठपुतली नाटक प्रस्तुत किया। अधिष्ठाता मिथलेश दुबे ने कठपुतली के बारे में जानकारी दी। रैली भी निकाली गई। पुस्तकालय अध्यक्ष कंचन सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कठपुतली विधा से बच्चों को परिचित कराना था। 

भरत ने किया श्रीराम पादुका का पट्टाभिषेक
मानसरोवर तीर्थ में चल रहे श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेक महोत्सव शनिवार को भाई भरत के भ्रातृ प्रेम के नाम समर्पित रहा। श्री रामतारक आंध्रा आश्रम  में चल रहे महोत्सव के तीसरे दिन रामायण के मर्मज्ञों ने अयोध्या कांड का पारायण कर विश्राम दिया। यज्ञ के मुख्य आचार्य उलिमीरी सोमायाजुलू ने भाई भरत के भ्रातृ प्रेम की चर्चा की। वैदिक विद्वानों ने यज्ञ में आहुतियां डालीं। यजमान वीवी सुंदर शास्त्री ने आचार्यों के निर्देशन में सभी अनुष्ठान पूरे किए। पूजन में आश्रम के प्रबंधक वीवी सीताराम, श्याम शास्त्री, बुध शर्मा, विरूपाक्ष मूर्ति मौजूद रहे। 

बस्ती में कन्या पूजन किया
भू-देवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को सुंदरपुर स्थित बस्ती में कन्या पूजन किया गया। उर्मिला देवी मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के आवास में आयोजित कार्यक्रम में बस्ती के जरुरतमंद बच्चों को स्टेशनरी सामग्री दी गई। इस मौके पर ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री शांडिल्य, श्रीकांत पांडे, शैलेश गुप्ता, श्याम शुक्ला ,सुभाष चंद्रा, बृजेश माहेश्वरी, जितेंद्र तालरेजा, अंजली सिंह, नीतू सिंह मौजूद रहीं। 

जलधाराओंं का निर्मल होना जरूरी : रामाशीष
गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष ने कहा कि नदियों की अविरलता और निर्मलता के भाव का समावेश जन-जन में जरूरी है। मां गंगा की निर्मलता और अविरलता के लिए नदी में मिलने वाली सभी जलधाराओं का निर्मल होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने यह बात शनिवार को गंगा समग्र काशी प्रांत के गंगा भाग की बैठक में कही। इसमें 13 जिलों में से 8 जिलों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।  

उन्होंने बताया कि विश्व की संपूर्ण सभ्यता नदी घाटी के किनारे ही विकसित हुई है। अनेक देशों की राजधानी और बड़े नगर नदी के तट पर ही बसे हैं। पूरी दुनिया जल प्रदूषण की शिकार होती जा रही है। गंगा समग्र के सह प्रांत संयोजक दिवाकर द्विवेदी ने 6 उत्सव निषाद राज जयंती, जन जागरण माह, गंगा सेवा निधि,वृक्षारोपण, विश्व नदी दिवस, गंगा महोत्सव और प्रतिज्ञा दिवस के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने गंगा समग्र के 15 आयामों की जानकारी दी।
विज्ञापन

हनुमान चालीसा का पाठ किया
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से शनिवार को दुर्गाकुंड धर्मसंघ से ध्वजा यात्रा निकाली गई। इसमें 131 भक्त शामिल हुए। संकटमोचन मंदिर में ध्वज अर्पण कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। संयोजक यतींद्र कथूरिया ने रथ पर विग्रह को विराजमान कराया। लोकेश गुप्ता ने ज्योत जला कर हनुमान जी की आरती उतारी। यात्रा गुरुधाम, रविंद्रपुरी, त्रिदेव मंदिर होते हुए श्री संकट मोचन मंदिर पहुंची। यहां सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष कौशल शर्मा, सचिव कृष्ण गोपाल तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, महेंद्र शर्मा, जागृत गाड़ोदिया, प्रभात खेतान, कृष्ण कुमार काबरा, विश्वनाथ पोद्दार मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें