वाराणसी का मनमोहक दरभंगा घाट । अमर उजाला
वाराणसी। तेज हवाओं के कारण रविवार दोपहर बाद गंगा में नौका संचालन पर रोक लगा दी गई। दोपहर करीब 2 बजे के बाद नमो घाट से रविदास घाट तक जल पुलिस ने गश्त कर छोटी नावों और मोटरबोट के संचालन को प्रतिबंधित कर दिया। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि सोमवार को भी मौसम की स्थिति प्रतिकूल रही, तो नौका संचालन बंद ही रहेगा।
एसीपी जल पुलिस व दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि हवा की रफ्तार तेज होने के साथ दिशा भी विपरीत थी, जिससे नाव संचालन जोखिम भरा हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया। उन्होंने बताया कि सभी नाविकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी नाव गंगा में न उतारी जाए। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करते हुए नौका संचालन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो