वाराणसी। निर्वाचन आयोग की ओर से शनिवार को जिले के सभी बूथों पर बीएलओ मतदाता सूची लेकर मौजूद रहेंगे। साथ ही मतदाताओं को फॉर्म 6,7 और 8 बांटे जाएंगे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि पर्यवेक्षक अधिकारी बूथों का भ्रमण करेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी शिक्षण संस्थान, कार्यालय और अन्य संस्थान जहां मतदान केंद्र स्थापित हैं वह शनिवार को खुले रहेंगे। मतदाता अपने बूथ पर जाकर प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम मिलान कर सकते हैं। जिन वोटरों की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरी हो गई है या होने वाली है, या जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वह मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर फॉर्म-6 (घोषणा पत्र अनुलग्नक-4 सहित) के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। फार्म-7 (मतदाता सूची से नाम अपमार्जन के लिए) व फार्म-8 (नाम, विवरण संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए) भी आवश्यक दस्तावेज के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराए जा सकते हैं। मतदाता आयोग के मोबाइल एप और voters.eci.gov.in वेबसाइट से भी ऑनलाइन भरे जा सकते हैं। बीएलओ मतदान केंद्र पर सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।