आजमगढ जिले में भूमि विवाद को लेकर होने वाले खूनी संघर्ष जैसे मामले पर रोक लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अभी पवई, फूलपुर और जहानागंज के मामले थमे नहीं थे कि शुक्रवार को सरायमीर थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहिमपुर में आबादी की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे के साथ धारदार हथियार भी चले। खूनी संघर्ष में दोनों ओर से 16 लोग घायल हुए हैं। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल लेफर किया गया है। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
सरायमीर स्थानीय थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहिमपुर में कैलाश और शिवपूजन के बीच आबादी की जमीन को लेकर विवाद है। इसी मामले को लेकर सुबह 10 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और टांगी-राड से एक दूसरे पर हमला किया गया। एक पक्ष से कैलाश, राकेश, सीतापति, शशिकला, करीना, प्रियंका और दूसरे पक्ष से शिवपूजन, प्रमोद कुमार, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार, राजेश, महेंद्र ,चंद्रकला, मनीषा, मनसा देवी, रंगीना घायल हो गए।
सीतापति और शशिकला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मामले की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है। थाना प्रभारी सरायमीर अनिल सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। आबादी की भूमि को लेकर मारपीट हुई है।