वाराणसी। क्षेत्र पंचायत प्रमुख (ब्लॉक प्रमुख) के चुनाव में रविवार को सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी ने अपना परचम लहराया। जिले के आठ में से छह ब्लॉक प्रमुख पदों पर सपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
चिरईगांव ब्लॉक से बसपा समर्थित उम्मीदवार वंदना सिंह ने जीत दर्ज की जबकि आराजीलाइन ब्लॉक से निर्दल नगीना ने लोकनिर्माण एवं सिंचाई राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल की भयोहू शकुंतला देवी को हरा सबको चौंका दिया। शकुंतला रोहनिया विधायक महेंद्र पटेल की पत्नी हैं।
पंचायत एवं निकाय के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सेवापुरी ब्लॉक से सपा समर्थित इंदू सिंह (69 मत) विजयी घोषित की गईं। उनकी प्रतिद्वंद्वी कनक को 50 मत मिले। इसी प्रकार काशी विद्यापीठ ब्लॉक से सपा समर्थित प्रवेश पटेल (121 मत) विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी अवध नारायण सिंह को 101 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
हरहुआ ब्लॉक से सपा की अर्चना मौर्या ने 87 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अशोक को 46 मत मिले। आराजीलाइन ब्लॉक से निर्दल नगीना ने सपा समर्थित शकुंतला देवी को हरा सबको चौंकाया। नगीना को 98 और शकुंतला को 72 मत मिले।
उधर, चिरईगांव ब्लाक से बसपा समर्थित वंदना (134) ने जीत दर्ज की। यहां रामऔतार को 10 मत मिले। काशी विद्यापीठ ब्लॉक में 14 मत अवैध घोषित किए गए जबकि आराजीलाइन में दस, हरहुआ में एक और चिरईगांव में सात मत अवैध रहे।
बड़ागांव से सपा की सुमन, पिंडरा से सपा की पूजा और चोलापुर से सपा के सुभाष को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। जीत के बाद ब्लॉकों पर जश्न का माहौल दिखा। विजेताओं के नामों का एलान होते ही समर्थकों ने न केवल खुशी जाहिर की बल्कि विजयी प्रत्याशियों को फू ल मालाओं से लाद दिया। यहां अबीर-गुलाल भी उड़ाए गए।