मोबाइल टार्च की रोशनी में कागजी काम
- फोटो : जुबैर जफर
यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को मोबाइल की रोशनी में कर्मचारियों को काम करना पड़ा। दोपहर में करीब 12 बजे अचानक बत्ती गुल हो गई।
करीब घंटे भर तक बिजली गुल होने की वजह से कार्यालयों में अंधेरा छाया रहा। कुछ विभागों में तो कर्मचारी टार्च जलाकर कागज खोजते रहे। हालांकि अधिकारियों के कमरे में इन्वर्टर लगे होने की वजह से रोशनी रही।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में बनारस, आजमगढ़, मऊ, चंदौली, जौनपुर समेत अन्य जिलों से हर दिन करीब 500 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक भी आते हैं।
कोई मार्कशीट में नाम, रोल नंबर तो कोई पिता का नाम गलत होने के बाद उसे सही कराने यहां अलग-अलग कार्यालयों में आता है। शनिवार को यहां दोपहर में बिजली चली गई।
इसके बाद नीचे से लेकर प्रथम, द्वितीय तल पर स्थित कार्यालयों में अंधेरा छा गया। कर्मचारी गर्मी से परेशान होकर कागजों से पंखा झलते नजर आए।
उन कर्मचारियों को सबसे अधिक मुसीबत हुई, जो मार्कशीट, सर्टिफिकेट सहित अन्य जरूरी कागजात बनाने में लगे थे। प्रथम तल पर एक कार्यालय में कर्मचारी मोबाइल जलाकर काम करते रहे तो वहीं दूसरी तरफ टार्च की रोशनी में भर काम हुआ।