वाराणसी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। सोमवार को 5407 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 11 नए मरीज मिले जबकि होम आइसोलेशन में 16 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। सोमवार को लखराव, ककरमत्ता, तुलसीपुर, नगवा, बीएलडब्ल्यू, गिलट बाजार, बीएचयू अस्पताल समेत अन्य जगहों पर मरीज मिले हैं।
अब कुल 82,182 मरीजों में 81,253 डिस्चार्ज हो चुके हैं। 773 की मौत के बाद अब 156 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, जिले में 5 साल तक के 176 बच्चे, 6 से 12 साल तक के 282 और 13 से 18 साल तक के 270 बच्चों की जांच की गई।
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में सोमवार को ऑक्सीजन का दूसरा नया प्लांट भी पहुंच गया। कोयंबटूर से 960 एलपीएम क्षमता वाले इस प्लांट के लगने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब अस्पताल में 1965 एलपीएम क्षमता के प्लांट के लगने के बाद मंडलीय अस्पताल के 300 बेड के साथ ही महिला अस्पताल में 100 बेड वाले एमसीएच विंग में भी ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी।
रविवार देर रात प्लांट आने के बाद सोमवार को एसआईसी डॉ. प्रसन्न कुमार की मौजूदगी में दोपहर में इसे प्लांट के लिए बने प्लेटफार्म पर उतारा गया। एमसीएच विंग के लिए भी यहीं से ऑक्सीजन दी जा सकेगी। जल्द ही ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने सहित अन्य कार्यों को पूरा करा लिया जाएगा।