वाराणसी। कमच्छा स्थित बसंत कन्या महाविद्यालय के गेट पर सीवर का पानी लगने और बदबू से परेशान छात्राएं शुक्रवार को सड़क पर उतर गईं। छात्राओं ने जुलूस निकाला और ‘नगर निगम हाय-हाय’ के नारे लगाए।
उनका कहना था कि कई बार की शिकायत के बावजूद नगर निगम प्रशासन समस्या को दूर करने की ओर कोई कदम नहीं बढ़ा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निगम प्रशासन ने जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं कराया तो वे महाविद्यालय से जुलूस निकालकर नगर निगम अधिकारियों का घेराव करेंगी।
प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं का कहना था कि एक अरसे से महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर सीवर का पानी ओवरफ्लो कर इकट्ठा हो रहा है। इसकी शिकायत नगर निगम, जलकल के कंट्रोल रूम और नगर आयुक्त से की गई।
इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्हें रोजाना सीवर के पानी से होकर क्लास में जाना पड़ता है। जलभराव के कारण गेट पर फिसलन भी हो गई है जिससे कई बार छात्राएं गिरकर घायल भी हो चुकी हैं।