वाराणसी। बीएचयू में आयुर्वेद संकाय के चार दिवसीय वार्षिक समारोह ‘आयुषप्रज्ञा’ का समापन शुक्रवार को ‘सेव मेडिसिनल प्लांट्स, सेव लाइफ’ मार्च के साथ हुआ। समारोह के अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने परिसर में पौधरोपण किया। साथ ही मार्च निकालकर औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन की पुकार लगाई।
आईएमएस में निदेशक प्रो. आरजी सिंह, संकाय प्रमुख प्रो. मनोरंजन साहू और आयुषप्रज्ञा के संयोजक डा. बी राम ने हरी झंडी दिखाकर छात्र-छात्राओं के जागरूकता मार्च को रवाना किया, जो नर्सिंग कालेज होते हुए धनवंतरि भवन पहुंचकर समाप्त हुआ। मार्च में शामिल छात्र-छात्राएं लहराए तुलसी जिस
आंगन में, लाए सुख स्फूर्ति वहां के जन जन में... और शुद्ध आक्सीजन शीतल छाया पाने को, बोलो सबको दिव्य वृक्ष पीपल बरगद लगाने को... जैसे नारे लगाकर जागरूक कर रहे थे। लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की विद्यार्थियों ने अपील की। अंत में धनवंतरि भवन, क्षारसूत्र भवन और नागार्जुन हास्टल परिसर में छात्र-छात्राओं ने औषधीय पौधे रोपे।