भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी 'मन की बात'
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय गुलाब बाग में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों को सुना। कार्यक्रम के बाद महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के बदलावों को एक मंच पर लाता है। युवाओं को बचाने के लिए चल रहा नशा मुक्त युवा अभियान अब एक सामाजिक क्रांति बन चुका है।
प्रदीप अग्रहरि ने डिजिटल प्लेटफॉर्म 'iGOT कर्मयोगी' की सराहना की। सत्रह भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रम और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकों से कार्यसंस्कृति बदल रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए 'संचार साथी' एप एक क्रांतिकारी पहल साबित हो रहा है। इसके माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रैक और ब्लॉक करना आसान हो गया है जिससे जनता को बड़ी राहत मिली है।