वाराणसी। स्वच्छ भारत अभियान के तहत रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर और घाट की सफाई की। स्वच्छता अभियान की कमान इस बार जिला इकाई के हाथ में थी। सैकड़ों की संख्या में जुटे भगवाधारियों ने चार घंटे के अभियान में मंदिर और घाट के साथ ही आसपास की गंदगी को भी साफ किया।
इस दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली से कचरा हटाया गया। जिला इकाई ने काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों को चमकाने का संकल्प लिया है।
केसरिया टोपी और टी-शर्ट पहने युवा कार्यकर्ताओं ने सालों से जमी मिट्टी हटाने के साथ ही मंदिर परिसर और बाहर सफाई की। अभियान में जिलाध्यक्ष नागेंद्र रघुवंशी के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोटी-छोटी टोलियां बनाकर मंदिर और घाट के आसपास के इलाकों में जमी गंदगी को भी हटाया।
एकत्रित कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर उसे निस्तारित करने के लिए रमना स्थित कूड़ा डंपिंग ग्राउंड भेजा गया। अभियान के अगुवा नागेंद्र रघुवंशी ने बताया कि शूलटंकेश्वर से शुरू स्वच्छता का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान की अगली कड़ी में रामनगर घाट, रामेश्वर महादेव (वरुणा तट), मारकंडेय महादेव मंदिर, कपिलधारा, भैरवनाथ मंदिर, कामेश्वर महादेव कंदवा और भीमचंडी जैसे धार्मिक स्थलों को साफ किया जाएगा।
बताया कि आज का सफाई अभियान क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य व क्षेत्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर की निगरानी में संपन्न हुआ।
सफाई अभियान में ज्ञानेश जोशी, पीयूष वर्धन सिंह, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार मिश्रा, जितेंद्र लालवानी, शिवेंद्र विक्रम सिंह, जयनाथ मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, विक्रम पटेल, रमाशंकर पटेल, सुरेश सिंह, गीता देवी, मनीष सिंह, पवन चौबे, राजेश राजभर, भानुप्रताप सिंह, विनोद सिंह, मटरू राजभर, प्रदीप जायसवाल आदि ने हाथ बंटाया।