कोरोना काल में दिवंगत हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान को कभी भुलाया नही जा सकता। इस संकट की घड़ी में पार्टी ने निर्णय लिया कि समाज के ऐसे दिवंगत लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए मंत्री, सांसद, विधायक उनके घर जाएंगे और उनके परिजनों से अपनी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बाबा काशी विश्वनाथ दरबार एवं बाबा कालभैरव के दरबार मे मत्था टेका और पूरे विधि विधान से दर्शन पूजन किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को पद्मविभूषण पंडित छन्नू लाल मिश्र से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। उन्होंने पंडित मिश्र की पत्नी और बेटी के निधन शोक संवेदना जताई। उन्होंने पंडित मिश्र को न्याय का भरोसा दिया। पंडित मिश्र ने भी जांच समिति पर पूरा भरोसा जताया और सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद भी कहा।
पं. छन्नूलाल मिश्र ने प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि जांच समिति पर हमें पूरा भरोसा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। कहा कि बस हमारी बेटी संगीता को न्याय चाहिए। गत 29 अप्रैल की देर रात पंडित मिश्र की बेटी संगीता मिश्रा का इलाज के दौरान मैदागिन स्थित मेडविन अस्पताल में निधन हो गया था।
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख के चुनाव को गंभीरता से लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयास से निश्चित रूप से नतीजे अच्छे आएंगे।
इन कार्यकर्ताओं को भी घर जाकर दी श्रद्धांजलि
प्रदेश अध्यक्ष रविवार की सुबह नमामि गंगे प्रकल्प के क्षेत्र संयोजक स्व.मार्कण्डेय वर्मा, स्व.डॉ अश्वनी जैन, आरएसएस के विभाग कार्यवाह स्व.रत्नदीप अग्रवाल, स्व.नन्दन वर्मा, काशी क्षेत्र के मंत्री स्व.मोहितोष नारायण सिंह, महिला मोर्चा की पूर्व महानगर अध्यक्ष स्व.पूनम पांडेय, कर्मदेश्वर मंडल के उपाध्यक्ष स्व.रविन्द्र कुमार पटेल रिंकू, सेक्टर संयोजक स्व.सतेंद्र चौबे, जिला कार्यसमिति के सदस्य स्व.शिवशंकर राजभर के आवास पर शोक प्रकट करने पहुंचे।