वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 69वां जन्मदिन काशी में फिट इंडिया थीम पर मनाया जाएगा। इसके तहत एक सप्ताह तक स्वास्थ्य से जुड़े अलग-अलग शिविर आयोजित किए जाएंगे। दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री 17 सितंबर को दोपहर बाद आएंगे और 18 को जनसंवाद कर काशीवासियों को धन्यवाद देंगे। इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल भी जन्मदिन अपने संसदीय क्षेत्र में मनाएंगे। जन्मदिन को अनूठा बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारी कार्ययोजना बनाने में जुट गए हैं। 13 सितंबर से ही जिले भर में अलग-अलग स्थानों स्वास्थ्य जांच, रक्तदान सहित अन्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। जन्मदिन के दिन 17 सितंबर को बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में मेगा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, इसमें रिकार्ड रक्तदान की तैयारी है। इसी दिन दिव्यांग बच्चों के साथ पीएम मोदी कुछ समय गुजारेंगे और समाज के प्रबुद्धजनों से मुलाकात भी करेेंगे।
18 सितंबर को रिटर्न गिफ्ट के रूप में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी के हाथों स्मार्ट सिटी योजना के तहत छितौनी कोट में बने कान्हा उपवन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 63 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण होगा। वाराणसी और चंदौली जिले की सीमा पर सिथत पड़ाव इलाके में गन्ना शोध संस्थान की जमीन पर दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में बन रहे संग्रहालय में जयपुर से बनकर आई विशाल धातु की प्रतिमा को स्थापित करने का काम तेज हो गया है। संग्रहालय में दीनदयाल उपाध्याय से जुड़ी चीजें रखी जाएंगी। संग्रहालय में वैदिक उद्यान, पार्क, तालाब भी बनाया जा रहा है। गोदौलिया चौराहे के पास बनने वाली शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग का शिलान्यास कराने की भी तैयारी है।