प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर संसद में कानून बनाकर राम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मौर्य ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा। चाहे यह निर्माण न्यायालय से हो या आपसी समझौते से। ये दोनों विकल्प समाप्त होने पर हम कानून बनाकर मंदिर का निर्माण करेंगे।
इसी बैठक में भाग लेने आईं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि, अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए सरकार और संगठन पहल कर रही है। राम मंदिर पर विधेयक के सवाल पर कहा कि ये फैसला संगठन और सरकार करेगी कि क्या करना है। मामला कोर्ट में है। अयोध्या में प्रवीण तोगड़िया के बयान के सवाल पर कहा कि हम सब चाहते हैं कि मंदिर बने और मंदिर बन कर रहेगा। तोगड़िया अपने बयान का जवाब खुद ही देंगे।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
सीबीआई के भ्रष्टाचार को लेकर ट्वीट पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी झूठ बोलने की ऑटोमेटिक मशीन हैं। पहले वह मशीन से सोना निकाल रहे थे। अब वह सीबीआई पर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। कहा, राहुल बताएं कि जो विरोधियों की टीम है, उनमें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन-कौन है। इससे पूर्व डिप्टी सीएम ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किए।
बैठक में भाग लेने आई बेसिक शिक्षा एवं बाल पुष्टाहार राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जो संसद में किया वह सबने देखा है। वह किसानों के साथ संसद घेरने की बात कर रहे हैं। इसलिए आज भी कुछ ऐसा करेंगे जो खबर बन जाएगी। विभाग से जुड़े सवाल पर कहा कि 31 अक्तूबर तक सभी स्कूलों में बच्चों को स्वेटर मिल जाएंगे। इसके पूर्व उन्होंने बाबा विश्वनाथ और कालभैरव का दर्शन पूजन किया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय
- फोटो : अमर उजाला
बैठक में भाग लेने आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पिछड़ों की सच्ची राजनीति किसी ने की तो वह चौधरी चरण सिंह रहे। उनके बाद केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ों के बारे में सोचा। मुलायम और अखिलेश ने अपने परिवार के 67 लोगों को राजनीतिज्ञ बनाया। समाजवाद तो नहीं बढ़ा लेकिन परिवारवाद बढ़ गया। गांधी की टाइटल लगाने से कोई गांधी नहीं होता है। गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री ने किया।