वाराणसी। काशीवासियों को अप्रैल से पूरे 24 घंटे बिजली मिलेगी। तीन महीनेे के भीतर भेलूपुर में बना 220 केवी का सब स्टेशन काम करने लगेगा। यह सब स्टेशन चालू होते ही शहर में बिजली की किल्लत दूर हो जाएगी। भाजपा विधायकों को बुधवार को यह आश्वासन पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी डॉ. काजल ने दिया।
एमडी ने कहा कि गंगा में टावर के लिए बन रहे पिलर का काम पूरा होने को है। तीन महीने के अंदर टावर बनकर तैयार हो जाएगा। इसी के साथ ही भेलूपुर सब स्टेशन चालू हो जाएगा। 220 केवी के इस सब स्टेशन के शुरू हो जाने के बाद से शहर में बिजली की किल्लत दूर हो जाएगी। शहर को 24 घंटे बिजली दी जा सकेगी।
भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय पहुंचे भाजपा विधायक श्यामदेव राय चौधरी, रवींद्र जायसवाल और डा. ज्योत्सना श्रीवास्तव ने डॉ. काजल से घर के बाहर लग रहे बिजली के मीटर का मुद्दा उठाया। विधायकों की मीटर की सुरक्षा का मसला उठाया तो एमडी ने लिखित रूप से आश्वस्त किया कि मीटर की सारी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
उपभोक्ता को परेशानी नहीं होगी। विधायकों के साथ मुलाकात में डॉ. काजल ने बताया कि बिजली के बकाएदारों की सहूलियत के लिए विभाग ने एकमुश्त समाधान योजना में 50 फीसदी की छूट की व्यवस्था की है।