भारतीय जनता पार्टी की एक महिला सांसद ने अपनी ही पार्टी पर जमकर हमला बोला। सांसद ने यहां तक कह दिया कि केंद्र सरकार देश के संविधान को बदलने एवं आरक्षण को समाप्त करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर की ओर से बनाए गए संविधान की मूल भावना को आज तक लागू नहीं किया गया।
यही वजह है कि आजादी के 70 वर्ष बाद भी देश में गैर बराबरी को समाप्त नहीं किया जा सका। बहुजन समाज के हितों की लड़ाई लड़ रही दलित महिला नेता और भाजपा सांसद सावित्री राव फुले ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए गाजीपुर में कहा कि डा. आंबेडकर के संविधान को लागू कराने को अपने जीवन का उद्देश्य बनाकर वह पूरे देश में जनजागरण कर रही है।
समाज के दलित, गरीब एवं अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए संविधान में आरक्षण की व्यवस्था की गई, लेकिन संविधान की मूल भावना को लागू नहीं किया गया। अगर गैर बराबरी को समाप्त कर संविधान की मूल भावना को लागू कर दिया जाए तो गरीबी देखने को भी नहीं मिलेगी।